होशंगाबाद :  मुख्यमंत्री नि:शक्तजन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को भी लैपटॉप और ट्राईसायकल प्रदान की जाएगी। इस योजना में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक के साथ 9वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने भोपाल में यह जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना से लगभग 1 हजार दिव्यांग छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे।

               पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित इस योजना में 9वीं की परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त और 10वीं कक्षा अथवा आईटीआई में प्रवेश लिए दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित, अस्थिबाधित तथा मंदबुद्धि छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। आईटीआई में प्रवेश लेने पर उन्हीं दिव्यांग छात्र-छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। जिनके द्वारा कम्पयूटर ऑपरेटर, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट अथवा कम्प्यूटर आधारित कोर्स में प्रवेश लिया गया है। इसी क्रम में अस्थिबाधित छात्र-छात्राओं को मोटर ट्राईसायकिल प्रदान की जाएगी जिन्होंने 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और स्नातक पाठयक्रम में प्रवेश ले रहे हैं और जिनका कमर के नीचे का 60 प्रतिशत अथवा अधिक भाग प्रभावित है। इस योजना में स्पष्ट किया गया कि लाभार्थी को यह सुविधा एक बार प्रवेश के अवसर पर ही प्रदान की जाएगी।