होशंगाबाद : नवोदय विद्यालय पवारखेडा में कलेक्टर प्रियंका दास के मुख्य आतिथ्य में व्यापक पैमाने पर पौध रोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल के विद्यार्थी एवं शिक्षकों ने लगभग 500 से अधिक पौधों का रोपण किया। कलेक्टर जब नवोदय विद्यालय पहुंची तब विद्यालय की एनसीसी विग ने बैंड की ध्वनि के साथ कलेक्टर का स्वागत किया। प्रभारी प्राचार्य श्रीमती चित्रा सक्सेना ने पुष्पगुच्छ देकर उनका एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया, छात्राओं ने सुंदर रांगोली सजाई थी। कलेक्टर ने विद्यालय की गणित, जीव विज्ञान, भौतिक शास्त्र एवं स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, भोजनालय तथा अन्य कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के आवासीय भवनों एवं परिसर का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल, जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नमिता बघेल, सरपंच पवारखेडा श्रीमती वंदना परोचे, विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती चित्रा सक्सेना सहित शिक्षक गण तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।