होशंगाबाद : शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को जबलपुर द्वारा एडिप योजनांतर्गत दिव्यांगजनों का उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल ने कहा कि आप लोग अपने आप को कमजोर महसूस ना करें। आपके अंदर असीम शक्ति विद्यमान है।
उन्होंने दिव्यांग बच्चों से कहा कि वे दृढ़ संकल्प लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ें। पढाई लिखाई अथवा अन्य किसी कला आदि जिसमें रूचि हो उस क्षेत्र में आगे बढ़ें। पटेल ने कहा कि शासन का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को जीवन में किसी भी प्रकार की बाधा न हो इसलिए ये उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने के लिए एडिप योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत प्रदान किए जा रहे उपकरणों से आपका जीवन सुगम होगा। उन्होंने दिव्यांगजनों से कहा कि शासन द्वारा अनेक योजनाएं आपके हित के लिए संचालित की जा रही हैं। आप सभी जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग से सतत संपर्क में बने रहे तथा इन योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा 21 प्रकार की नि:शक्तताओं के लिए लाभ प्रदान करने का प्रावधान बनाया गया है।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 157 हितग्राहियों को छडी, व्हील चेयर, ट्राईसिकल, केलीपर्स, श्रवण यंत्र आदि 517 उपकरण वितरित किये गये। कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती प्रमिला वाईकर ने बताया कि उपकरण वितरण हेतु हितग्राहियों के चयन के लिये गत वर्ष सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सहयोग विशेष आवासीय विद्यालय के दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, पियूष शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा उपस्थित रहे।