होशंगाबाद : सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तेहनगुरिया एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी प्रकार के यात्री वाहनों की सघन चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान वाहनों में किराया सूची, आपातकालीन द्वार, स्पीड गर्वनर, अग्निशमन यंत्र, महिलाओं एवं विकलांग यात्रियों के लिये आरक्षित सीट तथा वाहनों से संबंधित समस्त दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहनों में कमियां पाए जाने पर जुर्माना आरोपित किया गया। उक्त चैकिंग के दौरान स्कूली वाहनों में विशेष रूप से बच्चों के बैठक व्यवस्था, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, आपातकालीन द्वार एवं स्कूली वाहनों में महिला कंडक्टर व महिला टीचर की उपस्थिति संबंधी बिन्दुओ की जांच की गई।
चैकिंग के दौरान 32 यात्री बसों, 21 स्कूली बसों, 13 स्कूल वेन, कुल 66 वाहनों की चैकिंग की गई जिनसे कुल 81 हजार 700 रुपये की जुर्माना राशि शासन के पक्ष में वसूल की गई। इसके अलावा 3 स्कूल बस एवं 3 स्कूल वेन में फिटनेस से संबंधित कमीं पाए जाने पर उन वाहनों को जब्त किया गया तथा शराब पीकर वाहन चलाए जाने पर एक ड्रायविंग लायसेंस निलंबित किया गया। तेहनगुरिया ने बताया कि आगामी दिनों में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चैकिंग की जाएगी।