होशंगाबाद :  बाबई विकासखण्ड के ग्राम कांसखेडा के हरप्रसाद चौरे ने कभी भी नहीं सोचा था कि उनकी 8 वर्षीय पुत्री तनिष्का गंभीर ह्रदय रोग से पीडित है। तनिष्का जब कक्षा तीसरी में थी तब स्कूल में चिकित्सकों का दल आया हुआ था जो बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहा था। चिकित्सकों ने तनिष्का के स्वास्थ्य की जांच कर बताया कि तनिष्का के ह्रदय में एक छेद है जो समय रहते बढता जाएगा।

                हर प्रसाद चौरे को यह विश्वास नहीं हुआ क्योंकि तनिष्का आम बच्चों की तरह ही खेलती कूदती थी और उसकी दिनचर्या भी सामान्य थी। परिजनों की सलाह पर वे उसे होशंगाबाद में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लेकर आएं। शिविर में चिकित्सकों ने जांच कर पुष्टि कर दी कि तनिष्का को ह्रदय संबंधी सर्जिकल क्लोजर संबंधी बीमारी है यह सुनकर हर प्रसाद परेशान हो गए क्योंकि वे एक मध्यम वर्गी कृषक हैं और उनकी इतनी आमदनी नहीं है कि वे तनिष्का के ह्रदय का इलाज करा पाते।

               जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने हर प्रसाद को सलाह दी कि वे तनिष्का के ह्रदय के आपरेशन का इस्टीमेट श्री कृष्णा ह्मदयालय एवं क्रिटिकल केयर सेंटर धंतोली नागपुर से बनाकर ले आएं। हर प्रसाद ने धंतोली आकर यहां के चिकित्सकों से तनिष्का के ह्रदय के आपरेशन का इस्टीमेट बनवाया। जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना से 90 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की। स्वीकृत राशि से तनिष्का के ह्रदय का सफल आपरेशन श्री कृष्णा ह्मदयालय एवं क्रिटिकल केयर सेंटर धंतोली नागपुर में हुआ।

              हर प्रसाद बताते हैं कि वे एक मध्यम वर्गी कृषक हैं और इस वर्ष फसल भी अच्छी नहीं हुई थी तो आर्थिक समस्या भी बहुत ज्यादा थी। उनके एवं उनके परिवार के पास कृषि के अलावा अन्य कोई साधन नहीं है जिससे आय प्राप्त की जा सके। वे बताते हैं कि ऐसे आर्थिक संकट के समय मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना उनके लिये ईश्वर की दी हुई योजना प्रतीत हुई। इस योजना से स्वीकृत राशि से वे अपनी पुत्री का उपचार करा सके। उनका कहना है कि श्री कृष्णा ह्मदयालय एवं क्रिटिकल केयर सेंटर धंतोली नागपुर में उनका पूरा ख्याल रखा गया। बढिया इलाज एवं नि:शुल्क भोजन भी उन्हें दिया गया। आपरेशन के छटवे दिन तनिष्का की छुट्टी कर दी गई थी। हर प्रसाद एवं उनकी पत्नि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ह्मदय से आभार व्यक्त करते हैं जिनकी बनाई हुई मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना से उनकी पुत्री तनिष्का का सफलतापूर्वक उपचार संभव हो सका है।