होशंगाबाद : उद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से म.प्र. ट्रायफेक के मार्गदर्शन एवं म.प्र. उद्योगिक केन्द्र विकास निगम भोपाल के तत्वाधान में प्लेटिनम प्लाजा में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी मे सिवनीमालवा के विधायक श्री सरताज सिंह, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सरताज सिंह ने संगोष्ठी में बताया कि होशंगाबाद जिले में कृषि की अपार संभावनाएं हैं। इसी संभावनाओं को देखते हुए कृषि आधारित लघु उद्योग जिले में स्थापित किए जा सकते हैं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रियंका दास ने होशंगाबाद जिले के युवाओं से आग्रह किया कि वे उद्योग स्थापना के लिए आगे आएं उन्होंने कहा कि यदि युवा उद्योग स्थापित करने में रूचि दिखाएंगे तो जिला प्रशासन होशंगाबाद द्वारा उनकी सहायता एवं मार्गदर्शन किया जाएगा। प्रबंध संचालक एकेव्हीएन भोपाल श्री जेएन व्यास ने संगोष्ठी में नव उद्यामियों को उद्योग स्थापित करने के संबंध में विशेष मार्गदर्शन दिया। साथ ही उन्होंने स्टार्टअप एवं स्टेण्डअप योजना के संबंध में शासन की नीतियों से सभी को अवगत कराया।
उन्होंने संगोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग अंतर्गत स्थापित एवं स्थापित होने वाले उद्योगिक क्षेत्र कीरतपुर, फूड पार्क बाबई - पिपरिया एवं उद्योगिक क्षेत्र मुहासा में एकेव्हीएन द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक अधोसंरचना एवं उपलब्ध भूखण्डों को ऑनलाईन पद्धति से प्राप्त करने की जानकारी दी। संगोष्ठी में उपस्थित बैंक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, यूनाइटेड नेशन डवलपमेंट प्रोग्राम एवं शेडमैप के विषय विशेषज्ञों ने उपस्थित उद्यमियों को राज्य शासन की विभिन्न उद्योगिक नीतियों की जानकारी देकर लाभान्वित किया। आयोजित संगोष्ठी को संचालक को ऑपरेटिव बैंक श्री पियूष शर्मा ने भी संबोधित किया।
संगोष्ठी में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र केके रघुवंशी, प्रबंधक लीड बैंक आरके त्रिपाठी, प्रबंधक नाबार्ड नरेश तिजारे, सचिव लघु उद्योग संघ पिपरिया विवेक माहेश्वरी, अध्यक्ष लघु उद्योग संघ होशंगाबाद सुरेन्द्र गौर, अध्यक्ष लघु उद्योग संघ इटारसी मोहन खण्डेलवाल एवं बडी संख्या मे उद्योगपति व नवउद्यमी मौजूद थे।