होशंगाबाद : कलेक्टर प्रियंका दास ने सिंगल क्लिक योजना के माध्यम से सभी पेंशन धारियों की पेंशन भुगतान के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत होशंगाबाद को निर्देश दिए हैं कि सिंगल क्लिक योजना के माध्यम से वे पेंशन धारियों को बैंकों के माध्यम से नगद राशि का भुगतान उनके घर पर ही करायें। उल्लेखनीय है कि सिंगल क्लिक योजना के माध्यम से प्रदेश के सभी पेंशन धारियों के खाते में वृद्धावस्था, दिव्यांगता एवं कल्याणी पेंशन की राशि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में उनके खाते में अंतरित की जा रही थी लेकिन खातों से राशि निकालने के लिए सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को बैंकों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है जिसके कारण वास्तविक लाभ से वे वंचित हो जाते हैं।
तत्संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह निर्णय लिया है कि बैंकों के माध्यम से पेंशन धारियों के घर तक नगद राशि का भुगतान किया जाए। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार बैंक की शाखा से 5 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा की राशि उनके घर तक पहुंचाई जाएगी। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने उन ग्राम पंचायतों का चिन्हांकन करें जो निकटतम बैंक शाखा से 5 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर हैं ताकि बैंकों के माध्यम से उन ग्रामों के पेंशन धारियों को घर पर ही पेंशन प्रदान की जा सके।