राजगढ़ : आजकल व्हाट्सअप पर चैटिंग के अलावा ग्रुप बनाकार ग्रुप चैटिंग करना ख़ासा पापुलर हो गया है l यहाँ एक ही जगह पर बहुत सारे लोग एक दुसरे से अपनी बात कर सकते हैं l इस ग्रुप में एक ग्रुप एडमिन होता है और वह यदि चाहे तो किसी अपने ग्रुप मेंबर को भी ग्रुप एडमिन बना सकता है l अगर किसी वजह से ग्रुप एडमिन अपना ग्रुप छोड़ता है तो दूसरा एडमिन ग्रुप का मेन एडमिन बन जाता है और ग्रुप की सभी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार भी l
ऐसा ही एक मामला राजगढ़ के तलेन में देखने में आया है जहाँ ग्रुप एडमिन के ग्रुप छोड़ने पर दूसरा एडमिन जुनैद मेव ग्रुप एडमिन बन गया l ग्रुप में एक संवेदनशील और भड़काऊ पोस्ट आने पर जुनैद पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज हो गया है जिसके चलते वह ५ माह से जेल में हैं l
यह था मामला -
जानकारी के अनुसार व्हाट्स अप ग्रुप में एक भड़काऊ पोस्ट आने पर शहर में तनाव फ़ैल गया था और गुस्साए लोगों ने पुलिस से पोस्ट डालने वाले इरफ़ान खान पर मामला दर्ज करने की मांग की l पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट डालने वाले इरफ़ान खान और उस ग्रुप के एडमिन राजा गुर्जर को थाने बुलाया l इसी बीच राजा गुर्जर ग्रुप से लेफ्ट हो गया उसके लेफ्ट होने से दुसरे एडमिन भी लेफ्ट हो गए l जिसके कारण जुनैद एडमिन बन गया और पुलिस ने इरफ़ान और जुनैद के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया l
हालाँकि जानकारी के अनुसार जुनैद ने न तो कोई पोस्ट की थी और न ही वह खुद एडमिन बना फिर भी वह उस पोस्ट के लिए सजा भुगत रहा है और उसकी जमानत भी नहीं हो पाई है l यह सबक है उन लोगों के लिए जो ग्रुप बनाकर किसी को भी उसमे ऐड कर लेते हैं जिनकी पोस्ट की वजह से दूसरों को क्या कुछ भुगतना पड़ सकता है l