भोपाल :  आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने कांग्रेस और भाजपा के गठजोड़ पर करारा वार करते हुए कहा है कि कमलनाथ के परिवार की कंपनी मोजर बीयर ने सोन नदी का पानी रोका है और लोगों को पीने का पानी मिलना बंद हो गया है। इस मामले पर शिवराज सिंह चौहान भी चुप हैं, जबकि इलाके के खेत सूखे हुए हैं और नागरिकों को निस्तार की भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोजर बीयर कमलनाथ जी की बहन नीता पुरी की कंपनी है और उनके खुद के पास इसके 6450 शेयर हैं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सोन नदी का पानी रोककर आम जनता को प्यासा मारने के आरोप से संबंधित जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और मोजर बीयर कंपनी को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जवाब देने को कहा है।

          उन्होंने कहा कि यह वही कंपनी है, जिसके साथ शिवराज सिंह सरकार ने बिजली खरीद का गैरकानूनी करार कर रखा है और इस कारण से प्रदेश की जनता को 585 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इस मामले पर शिवराज और कमलनाथ दोनों चुप हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया है और लिखा है कि- सब मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह को सत्ता से मतलब है और उन्होंने कमलनाथ को पैसा कमाने की खुली छूट दे रखी है।

        उन्होंने उम्मीद जताई कि हाईकोर्ट इस मामले में जल्द फैसला सुनाएगा और इलाके के लोगों की समस्याएं सुलझेंगी। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूण है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा को पाने के लिए लोगों को हाई कोर्ट की शरण में जाना पड़ रहा है, जबकि खुद को जनहितैषी बताने वाली सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।

       उन्होंने कहा कि मोजर बीयर थर्मल पावर कंपनी ने सोन नदी पर राखड़ बांध बनाया है। इस बांध से बिजली उत्पादन किया जा रहा है। बिजली उत्पादन के नाम पर सोन नदी का पानी रोककर रखा गया है और नदी के पानी पर निर्भर लोगों को तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के खेत सूखे हुए हैं और लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इलाके के रहवासियों के लिए प्रदेश सरकार ने कोई फौरी कार्रवाई नहीं की, मजबूरन उन्हें अदालत की शरण में जाना पड़ा है और अब माननीय हाईकोर्ट ने सरकार व मोजर से जवाब तलब किया है।

मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश