होशंगाबाद : जिला पंचायत सभागार में गत दिवस आपातकाल के दौरान मीसा एक्ट के अंतर्गत जेल में बंद रहे लोकतंत्र सेनानियों का ताम्रपत्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, म.प्र. शासन के आयुष, कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के राज्य मंत्री तथा होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री जालम सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. कुशल पटेल, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह द्वारा लोकतंत्र सेनानियों को ताम्रपत्र, शाल, श्रीफल एवं फूलमाला प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले लोकतंत्र सेनानियों में पूर्व मंत्री मधुकर राव हर्णे, हरिवल्लभ सोनी, शंभु सोनकिया, रामाश्रय बाजपेयी, सुरेश तुलसीराम राने, अनंत राम साहू आदि सम्मिलित थे। इस अवसर पर म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग एवं तपस्या के कारण हम आज खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। इनके प्रयासों के कारण ही हमारा लोकतंत्र बचा रह सका।
उन्होंने कहा कि यदि हम विश्व इतिहास पर नजर डाले तो देखेंगे कि तानाशाही के नीचे रहने वाले देश टूट गए। लोकतंत्र के बिना कोई देश नहीं चल सकता। लोकतंत्र की रक्षा देश की रक्षा है। इसलिये नई पीढी को अपना इतिहास जानकर आने वाले समय में लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान पीढी आपातकाल के इतिहास से अनभिज्ञ है। युवाओं को आने वाले समय में इस देश को चलाना है। इसलिये उनके लिये इस काल के इतिहास को जानना जरूरी है। हमारा देश दुनिया का सबसे बडा लोकतंत्र है एवं यहां अपनी बात सभी को कहने का अधिकार है। हम सभी को इस लोकतंत्र की रक्षा के लिये हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए ताकि भविष्य में आपातकाल जैसी घटनाएं घटित न हों।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी मधुकर राव हर्णें द्वारा अपने अनुभव साझा किये गये। इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंका दास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।