होशंगाबाद : नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव ने नगरपालिका अधिकारियों के कार्यों की संभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना में प्राप्त सभी प्रकरणों में बैंक स्वीकृतियां प्राप्त करें। बैंक स्वीकृतियां 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से स्वीकृत करायें ताकि 4 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हितग्राहियों को स्वीकृति के प्रमाण पत्र वितरित किए जा सकें। कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना वास्तव में गरीब एवं मेहनत कश युवाओं के लिए मददगार साबित हो रही है।
कमिश्नर ने कार्य में लापरवाही बरतने पर पीओ डूडा हरदा एवं टिमरनी, हरदा एवं खिरकिया के नगरपालिका अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। श्री उमराव ने साहूकारी अधिनियम के अंतर्गत साहूकारों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए और कहा कि अगली बैठक में साहूकारों के विरूद्ध की गई कार्यवाही, साहूकारी पंजीयन रजिस्टर की जानकारी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि साहूकारों द्वारा लिए जाने वाले ब्याज की जानकारी भी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कल्याणी योजना में सभी पात्रता पूरी करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता से लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने मेधावी छात्रों को नगद प्रोत्साहन योजना की समीक्षा की। बताया गया कि होशंगाबाद में 4 हजार 634, बैतूल में 7 हजार 104 एवं हरदा में 1 हजार 529 मेधावी छात्रों को नगद पुरूस्कार राशि दी गई है। पुरूस्कार राशि के तहत 2 हजार से 12 हजार तक का अनुदान दिया गया है।
कमिश्नर ने विगत 3 वर्षों में निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति ना करा पाने वाले नगरपालिका अधिकारियों के विरूद्ध कडी कार्यवाही करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी को वैध करने की कार्यवाही करते समय पर्याप्त सावधानी बरती जाए। कमिश्नर ने कहा कि नगरपालिकाएं अपने टेंडर प्रक्रिया में पर्याप्त सावधानी बरतें। टेंडर में ऐसी कोई भी शर्तें ना डालें जो किसी एक को लाभ पहुंचाती हों। बैठक में संयुक्त उपायुक्त विकास राजेन्द्र सिंह सहित सभी नगरपालिका अधिकारीगण मौजूद थे।