होशंगाबाद : राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों एवं निर्वाचन कार्यक्रम के अनुपालन में 30 मार्च 2018 की स्थिति में त्रिस्तरीय पंचायतों रिक्त स्थानों के लिए उप निर्वाचन जुलाई एवं अगस्त माह में कराया जाएगा। उप जिला निवार्चन अधिकारी श्री आदित्य रिछारिया ने बताया कि पंचों के रिक्त 15 पद एवं सरपंच के रिक्त 4 पदों के लिए निर्वाचन कराये जाने हेतु अधिसूचना का प्रकाशन 11 जुलाई 2018 को कराया गया। उन्होंने बताया कि विकासखण्ड सोहागपुर की ग्राम पंचायत बांसखापा एवं भिलाडिया तथा विकासखण्ड केसला की ग्राम पंचायत केसला एवं डांडीवाडा में सरपंच पद का निर्वाचन कराया जाना हैं।
सरपंच पद के लिए मतदान ईवीएम मशीनों द्वारा होगा। सरपंच पद के लिए नाम निर्देशन ऑनलाईन भी किया जा सकता है। प्रत्येक पद के लिए नाम निर्देशन पत्र के साथ पंच के लिए घोषणा पत्र एवं सरपंच के लिए शपथ पत्र, पंचायत की बकाया राशि का अदेय प्रमाण पत्र, विद्युत वितरण कम्पनी का अदेय प्रमाण पत्र, आरक्षित वर्ग के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। निर्वाचन के लिए विकासखण्ड के तहसीलदारों को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। आवश्यक होने पर 3 अगस्त 2018 को मतदान कराया जाएगा। पंच पद की मतगणना मतदान केन्द्र पर एवं सरपंच पद की मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 7 अगस्त 2018 को खण्ड मुख्यालय पर की जाएगी।