होशंगाबाद  :  गत दिवस आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में जनप्रतिनिधियों के समक्ष भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त एम-3 ईवीएम एवं व्हीव्हीपीएटी की कार्य प्रणाली का प्रदर्शन किया गया। इस नई ईवीएम पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तैयार किया गया छद्म मतपत्र लगाया गया था। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छद्म मतदान कर व्हीव्हीपीएटी पर सात सेकेंण्ड के लिए दिखने वाली बैलेट पेपर स्लिप को देखकर इस बात की पुष्टि की कि जिस प्रत्याशी को वोट दिया जाता है उसी प्रत्याशी की क्रम संख्या, नाम एवं चुनाव चिन्ह पेपर स्लिप पर प्रदर्शित होता है।

               जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं विश्वसनीय बताया एवं कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की यह एक सराहनीय पहल है जिससे जनता में मतदान के प्रति विश्वास पैदा होगा एवं मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका दास, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य रिछारिया एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर पंकज दुबे द्वारा जनप्रतिनिधियों को ईवीएम एवं व्हीव्हीपीएटी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

              इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, होशंगाबाद-नरसिंहपुर सांसद राव उदय प्रताप सिंह, सोहागपुर विधायक विजय पाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुर दास नागवंशी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा जिले के अधिकारीगण उपस्थित रहे।