होशंगाबाद :  सेठानी घाट की खोह भराई, विस्तारीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा गोलघाट एवं विवेकानंद घाट का विस्तारीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस कार्य हेतु राशि स्वीकृत करने के लिए धन्यवाद दिया।

                उन्होंने कहा कि यह कार्य कई वर्षों से लंबित था एवं घाट पर खोह बनने के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी। यह कार्य बहुत मुश्किल था एवं इसमें कई तकनीकी समस्याएं भी आई परंतु जल संसाधन विभाग की टीम तथा नगरपालिका एवं जिला प्रशासन के सहयोग से यह कार्य पूर्ण हो पाया। उन्होने इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राकेश अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेठानी घाट के लिए स्वीकृत राशि में से कुछ राशि बचने पर गोलघाट एवं विवेकानंद घाट के विस्तारीकरण का कार्य भी किया गया है। माँ नर्मदा की कृपा एवं आशीर्वाद से ही यह मुश्किल कार्य संभव हो पाया है। अब सेठानी घाट आने वाले 100 वर्षों तक सुरक्षित हो गया है।

               कार्यक्रम में होशंगाबाद - नरसिंहपुर सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दृष्टि से सेठानी घाट पर किया गया खोह भराई का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। पूर्व में खोह के कारण घाट पर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सांसद सिंह ने म.प्र. शासन द्वारा लागू की गई संबल योजना के बारे में बताते हुए कहा कि यह एक क्रान्तिकारी योजना हैं। इसके कारण गरीबों की जिंदगी में अभिनव परिवर्तन हुआ है। उन्होने कहा कि होशंगाबाद क्षेत्र में आपसी समन्वय के कारण बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है जो अनुकरणीय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीरूमल ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत खुशी की बात है कि सेठानी घाट पर खोह भराई का कार्य पूर्ण हो गया है तथा यह घाट अब सुरक्षित हो गया है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा ने कहा कि खोह भराई के कार्य के कारण आम नागरिकों की बहुत बडी समस्या का निराकरण हुआ है। सेठानी घाट होशंगाबाद शहर की धरोहर है जिसके संरक्षण के लिए यह कार्य किया गया है। कार्यक्रम में खोह भराई के कार्य को पूर्ण करने वाली कम्पनी के कॉन्ट्रेक्टर महेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया।

            कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अखिलेश खण्डेलवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, हंस राय, श्रीमती संध्या थापक, मनोहर बड़ानी, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।