होशंगाबाद : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द के जन्मदिन 29 अगस्त को खेल दिवस के अवसर पर सभी स्कूलों में आ-खेलें-जरा कार्यक्रम होगा। आ-खेलें-जरा कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों से अपील की जाएगी कि वे जिस स्कूल में पढ़े हैं उसमें अथवा अन्य किसी स्कूलों में बच्चों के साथ 29 अगस्त को जरूर खेलें।
इसके साथ ही अपनी सामथ्र्य के अनुसार बच्चों या संस्था को खेल सामग्री गिफ्ट करें। राज्य शालेय खेल कैलेण्डर के अनुसार स्कूलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया जाएगा।
इस दिन खिलाड़ियों के दैनिक भत्तों में वृद्धि की जाएगी और व्यायाम शिक्षकों को 29 अगस्त या 5 सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा। बताया गया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से व्यायाम शिक्षकों का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। विद्यार्थियों में खेल के प्रति रूचि जागृत करने के लिए स्कूल ओलंपियाड का आयोजन भी किया जाएगा। बताया गया कि कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए खेल गतिविधियों का चयन किया जाएगा। चयनित खेल एवं व्यायाम की गतिविधियां ही स्कूलों में करवाई जाएगी।