होशंगाबाद :   कलेक्टर प्रियंका दास के नेतृत्व में कलेक्टर एक्सप्रेस शुक्रवार को बनखेडी विकासखण्ड के दूरस्थ ग्रामीण अंचल के गांव बिछुआ पहुंची। कलेक्टर प्रियंका दास ने ग्राम बिछुआ में प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से पूछा कि क्या उन्हें नये सत्र के लिये पाठ¬ पुस्तकें मिली हैं या नहीं। बच्चों ने बताया कि उन्हें पाठय पुस्तके प्राप्त हो गई हैं। प्राथमिक शाला में गत दिवस हिन्दी की बुनियादी दक्षता की जांच के लिये बच्चों का बेस लाईन टेस्ट कराया गया था। कलेक्टर ने बेस लाईन टेस्ट की शीट्स से संबंधित बच्चों को पढकर दिखाने के लिये कहा। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिये कि वे पुन: बच्चों का बेस लाईन टेस्ट कराएं ताकि बच्चों में हिन्दी दक्षता बढ सके। कलेक्टर ने बच्चों से गणित के सवाल भी हल कराए तथा सभी बच्चों से कहा कि वे अपना नाम अंग्रेजी में लिखना सीखें। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों को अपना नाम अंग्रेजी में लिखना सिखाएं। उन्होंने मौके पर मौजूद डीपीसी एसएस पटेल को निर्देश दिये कि वे शाला से इस वर्ष 5वी कक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों का फॉलोअप लें जिन्होंने इस वर्ष कक्षा 6वी में दाखिला लिया है या नहीं। कलेक्टर ने प्राथमिक शाला में बच्चों का एनरोलमेंट बढाने के निर्देश दिये। कलेक्टर प्रियंका दास ने स्कूली बच्चों के मध्य बैठकर माध्यान्ह भोजन भी किया।

               कलेक्टर ने बिछुआ में ग्रामीणो की चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनी और समस्याओं का निराकरण किया। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत प्रदान किये जाने वाले विभिन्न लाभों से ग्रामीणों को अवगत कराया। चौपाल में मौजूद पंचायत सचिव ने बताया कि बिछुआ में 305 पंजीकृत असंगठित श्रमिक हैं। कलेक्टर के निर्देश पर श्रमिकों के नाम का वाचन चौपाल में किया गया। कलेक्टर ने पंचायत सचिव को निर्देश दिये कि जो पात्र हितग्राही पंजीयन से वंचित रह गये हैं उनका पंजीयन तत्काल कराया जाए तथा सभी पंजीकृत श्रमिकों की सूची ग्राम पंचायत भवन में चस्पा की जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की जानकारी दी तथा एक पात्र हितग्राही राजाराम का बैंक खाता खुलवाने के निर्देश सचिव को दिये। कलेक्टर ने पात्र हितग्राही चंदाबाई को वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत बनखेडी को दिये और कहा कि चंदाबाई को शुरू से लेकर अब तक की एरियर्स की राशि भी दी जाए। उन्होंने सीईओ को निर्देशित किया कि जो पात्र हितग्राही हैं वे पेंशन के लिये भटके न यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऊर्जा विभाग के जेई को निर्देश दिये कि वे मुख्यमंत्री सरल बिजली घर योजना के तहत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को 200 रुपये फ्लेट रेट पर बिजली प्रदान करना सुनिश्चित करें और इसके लिये शिविर लगाकर श्रमिकों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

            चौपाल में कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में मीटर लगने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिया गया है। कलेक्टर ने जेई को निर्देश दिये कि वे 5 दिवस में घरों में कनेक्शन देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मौके पर ही दिव्यांग महिला रजनी का मेडिकल सर्टिफिकेट बनाकर विकलांग पेंशन दिलाए जाने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को दिये। कलेक्टर प्रियंका दास ने ग्रामीणों से कहा कि जिनके पास आधार कार्ड नहीं है वे स्कूल में आयोजित हो रहे शिविर में जाकर अपना आधार कार्ड बनाना सुनिश्चित करे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जाति प्रमाण पत्र लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से बनाए। चौपाल में कलेक्टर ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि बिछुआ में 1 हजार पुरूषों के मुकाबले 1 हजार 58 महिलाएं हैं। कलेक्टर ने उपस्थित लोगो को इसके लिये बधाई दी और चौपाल में ही उन्होंने डॉटर्स क्लब का गठन किया और बताया कि इस क्लब में सिर्फ वही व्यक्ति रहेंगे जिनकी मात्र 1 या 2 बेटियां हैं। उन्होंने 2 बेटियों वाले पिता कमल एवं नरेश का प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया। कलेक्टर ने जय बेटी जय जय बेटी का नारा बिछुआ वासियों को दिया।

           चौपाल में ग्रामीणों ने ग्राम में बरसात के दौरान पानी निकासी की व्यवस्था न होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को पानी निकासी की व्यवस्था के लिये कोई कारगर उपाय करने के निर्देश दिये। चौपाल में मूंग पंजीयन कराने वाले सत्यापित किसानों की सूची का वाचन किया गया। कलेक्टर ने 18 वर्ष से ऊपर के सभी युवाओं से अपना मतदाता परिचय पत्र बनाने की समझाइश दी। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिये विशेष उपाय करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये।

          चौपाल में खाद्य अधिकारी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के बारे में जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों का नाम लिखकर जल्द ही कनेक्शन दिलवाने की बात कही। उप संचालक कृषि जितेन्द्र सिंह ने हाईब्रिाड धान के बीज का वितरण किया। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने हितग्राही प्रोफाईल पंजीयन की जानकारी दी और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्त्तियों से पंजीयन कराने का आग्रह किया। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग ने सभी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी दी।

सिंगपुर में हुआ डॉटर्स क्लब का गठन:-

         कलेक्टर प्रियंका दास के निर्देश पर बनखेडी के ग्राम सिंगपुर में डॉटर्स क्लब का गठन हुआ। सिंगपुर में 2 बेटियो वाले माता-पिता का सम्मान प्रमाण पत्र देकर किया गया। बताया गया कि सिंगपुर में भी 1 हजार पुरुषों के विरुद्ध 1 हजार 67 महिलाएं हैं। कलेक्टर ने सभी को बधाई दी।

         कलेक्टर एक्सप्रेस में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास संजय त्रिपाठी, उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग जितेन्द्र सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती चंद्रकांता सिंह, डीपीसी एसएस पटेल, सहायक संचालक पशु चिकित्सा डॉ. संजय अग्रवाल सहित प्रशासनिक अमला मौजूद था।