भोपाल  :  राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार वर्ष 2017-18 की पात्रता, शर्तों एवं प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। लोग शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पात्र शिक्षक 30 जून 2018 तक पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों के संबंध में सूचना पहुंचाने के लिए निर्देशित किया गया है। जिला चयन समिति द्वारा इन आवेदनों के आधार पर नामांकन को राज्य स्तरीय चयन समिति को ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से 15 जुलाई 2018 तक भेजा जाना हैं।

               इस हेतु भारत सरकार द्वारा लॉगइन पासवर्ड जिला कलेक्टरों को प्रेषित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा नामांकनों को राष्ट्रीय चयन समिति को ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से 31 जुलाई 2018 तक प्रेषित किया जाएगा। जिन शिक्षकों द्वारा पूर्व में ऑनलाईन आवेदन किया गया है उन्हें भारत सरकार के पोर्टल पर पुन: आवेदन करना होगा। पूर्व के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस पुरस्कार हेतु राज्य सरकार द्वारा संचालित विद्यालय, स्थानीय शासन द्वारा संचालित विद्यालय, अनुदान प्राप्त विद्यालयों में प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के नियमित शिक्षक पात्र होंगे। संविदा शिक्षकों को पात्रता नहीं होगी।