होशंगाबाद :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितग्राहियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ऐसी बीमा एवं पेंशन की योजनाएं लागू की गई है जिनमें बहुत कम प्रीमियम का भुगतान करने पर बीमा सुरक्षा एवं वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कई लोग बीमा करवाना टालते हैं परंतु जीवन की अनिश्चितता को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों को इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना आदि का लाभ लेना चाहिए। इन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त होने वाली राशि व्यक्ति एवं उसके परिवार के लिए मुसीबत की घडी में मददगार साबित होंगी।

               उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी नजदीकी बैंक शाखा में संपर्क कर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हितग्राहियों से बातचीत करते हुए उनके व्यक्तिगत अनुभव सुने। इस क्रम में उन्होंने होशंगाबाद जिले के श्री नित्य गोपाल साहू, श्री संदीप साहू एवं श्रीमती अर्चना दुबे से बातचीत की। पिपरिया के श्री नित्यगोपाल साहू ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को बताया कि वर्ष 2015 में एक ट्रक से उनका एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। हादसे के पहले उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत अपना बीमा कराया था जिसमें केवल 12 रूपए प्रति वर्ष का प्रीमियम उन्हें चुकाना पड़ता था। उन्होने बताया कि दुर्घटना होने पर उन्हें इस योजना के अंतर्गत 1 लाख रूपए की राशि प्राप्त हुई जिससे वे उस दुख की घडी में अपना इलाज करा पाए।

             ग्राम पांजरा कला के संदीप साहू ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्होंने अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीयन कराया है जिसमें 231 रूपए प्रति माह के प्रीमियम की कटौती हो रही है। 60 वर्ष की उम्र के बाद उन्हें 2 हजार रूपए प्रति माह की पेंशन प्राप्त होगी जो वृद्धावस्था में उन्हें सहारा देगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने श्री संदीप से कहा कि वे अपने आस पडोस के अन्य किसानों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। होशंगाबाद की श्रीमती अर्चना दुबे ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को बताया कि उन्होंने अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीयन कराया है तथा प्रति माह 1318 रूपए के प्रीमियम का भुगतान कर रही हैं। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उन्हें प्रति माह 5 हजार रूपए की पेंशन प्राप्त होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने होशंगाबाद के हितग्राहियों से बातचीत के पश्चात कहा कि मुझे खुशी है कि आप लोग भविष्य में अपनी आर्थिक स्थिति के लिए जागरूक हैं एवं शासन की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ लेकर आप वृद्धावस्था में किसी पर निर्भर नहीं रहेंगे।

            प्रधानमंत्री से बातचीत कर तीनों हितग्राही अत्यंत खुश थे एवं उनका कहना था कि इस प्रकार की लाभकारी योजनाएं निरंतर चलती रहनी चाहिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में होशंगाबाद के एनआईसी कक्ष से अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री आरके त्रिपाठी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।