होशंगाबाद : जिला प्रशासन ने पं. रामलाल शर्मा स्कूल और दुकानें तोड़ने के आदेश दिए हैं l प्रशासन द्वारा की गई जाँच में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद सीएमओ को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं l प्रशासन की जाँच में यह जमीन जिस पर स्कूल और दुकानें बनी हुई है वह नगरपालिका की होना पाया गया है l जानकारी के अनुसार नपा की जमीन पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानीशंकर शर्मा द्वारा अतिक्रमण करके स्कूल एवं दुकानें बनाई गई हैं l
अतिरिक्त तहसीलदार ने नपा अध्यक्ष को समयावधि में अतिक्रमण हटाकर कलेक्टर को प्रतिवेदन पेश करने को कहा है l बतादें कि १७ अप्रेल को जनसुनवाई में आरटीआई एक्टिविष्ट वीरेन्द्र यादव ने सरकारी भूमि (शीट न.४३ प्लाट न. १५/१ ) के ५९४०० वर्ग फिट पर कब्ज़ा कर स्कूल और दुकानें बनाने का आरोप लगाया था l इस शिकायत पर जिला प्रशासन ने जाँच के आदेश दिए थे l राजस्व निरीक्षक ने जाँच में अतिक्रमण होने की पुष्टि की है l जाँच प्रतिवेदन के आधार पर अतिरिक्त तहसीलदार ने सीएमओ को कार्यवाही हेतु पत्र लिखा है l