होशंगाबाद :  नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में माँ नर्मदा नदी के रिपेरियन जोन में गत वर्ष बीज रोपण एवं पौध रोपण का कार्य किया गया था। रिपेरियन जोन में लगाए पौधो की सुरक्षा एवं सिंचाई के लिए तार फेसिंग एवं मोटर पंप जनभागीदारी से जुटाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव ने जिले की सभी दानदाता संस्थाओं के पदाधिकारियो एवं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की बैठक ली।

              कमिश्नर ने सभी को माँ नर्मदा के तट क्षेत्र पर लगाए गये पौधो एवं उनकी सुरक्षा के लिए की गई तार फेसिंग के कार्य की जानकारी दी और बताया कि सभी के सहयोग एवं जनभागीदारी से सिंचाई के लिए मोटर पंप भी दान में लिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी दानदाता संस्थाओं एवं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से कहा कि इस वर्ष नर्मदा की 125 सहायक नदियां सूख गई हैं तथा इस वर्ष नर्मदा में मात्र 32 क्यूसेक पानी बचा है।

             कमिश्नर ने कहा कि हमारी क्षमता व संसाधन सीमित हैं इसलिए हम वह करेंगे जो अच्छा रहेगा। इसलिए हम सभी ने माँ नर्मदा के रिपेरियन जोन के ईको सिस्टम को पुन: हराभरा और घना करने का  बीडा उठाया है, जो वृक्ष एवं वनस्पति पहले मां नर्मदा के किनारे थे उसे पुन: लगाया जाएगा। कमिश्नर ने कहा कि हमने अपनी जमीन का 75 प्रतिशत पानी 30 वर्षों में समाप्त कर दिया है। कमिश्नर ने आव्हान किया कि सभी मंदिर ट्रस्ट नर्मदा के पुर्नजीवन के धार्मिक कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हम रिपेरियन जोन के शत प्रतिशत क्षेत्र में तार फेसिंग कर देंगे तथा रोपित पौधों में सिंचाई हेतु पंप की व्यवस्था करेंगे तथा पौधों की देखभाल के लिए वालिटियर्स की नियुक्ति करेंगे। कमिश्नर ने बताया कि 3 जगहों पर असामाजिक तत्वों ने तार फेसिंग को नुकसान पहुंचाया था उन असामाजिक तत्वों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। कमिश्नर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के मंदिर ट्रस्टों की एक मीटिंग शीघ्र ही लेंगे। 

          उन्होंने सभी दानदाताओं से आव्हान किया कि वे माँ नर्मदा के पुर्नजीवन के लिए तार फेसिंग एवं मोटर क्रय करने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करे। कमिश्नर के आव्हान पर समाजसेवी वंदना दुबे ने सिंचाई हेतु मोटर पंप क्रय करने हेतु 25 हजार रूपए, डॉ. बीएम मालवीय ने 51 हजार रूपए, अजेरा के माझी श्री रमेश चौरसिया ने अजेरा में संपूर्ण रिपेरियन जोन के लिए तार एवं खम्बे देने की घोषणा की। श्री अशोक अग्रवाल ने कमिश्नर को 11 हजार रूपए का चैक प्रदान किया। नीरजा फौजदार की संस्था माँ नर्मदा सहयोग संस्था ने 25 हजार रूपए का मोटर पंप देने का आश्वासन दिया। दाऊजी मंदिर ट्रस्ट ने 200 खम्बे एवं तार देने की बात कही। ठाकुर जी मंदिर खैरूआ ने मोटर पंप क्रय के लिए 25 हजार रूपए एवं एक Ïक्वटल तार देने की तथा अग्रवाल समाज होशंगाबाद ने एक मोटर पंप देने की घोषण की।

कमिश्नर ने सभी दानदाता संस्थाओ का आभार व्यक्त किया -

        बैठक में अपर आयुक्त आशकृत तिवारी, उपायुक्त राजस्व मनोज मालवीय, समाजसेवी अनिल अग्रवाल, ज्योति राठौर, रूपसिंह केवट, अग्रवाल समाज के सुरेश चंद्र अग्रवाल, राधाकृष्ण मंदिर पिपरिया के शिव शंकर, महंत पवन सुन्दर दास, ठाकुर जी मंदिर के राजू चौरसिया आदि मौजूद थे।