होशंगाबाद :  जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर प्रियंका दास ने आम जनता के 290 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर केडी त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निधि सिंह गोहल ने भी सुनवाई की।

               जनसुनवाई में मातृ छाया विद्यालय के मूक बधिर बच्चों ने अपनी शिक्षा की व्यवस्था करने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मातृ छाया विद्यालय का प्रभार संकल्प संस्था को सौंपने के निर्देश दिए जा चुके हैं परंतु संकल्प संस्था के पदाधिकारियों का कहना हैं कि हमें संस्था का प्रभार नहीं सौंपा गया है। वहीं दूसरी ओर मातृ छाया की संचालिका द्वारा बच्चों के साथ दुव्र्यवहार किया जा रहा है एवं शिक्षण सत्र प्रारंभ होने के बावजूद उनकी शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय को निर्देशित किया कि वे मातृ छाया विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।

               जनसुनवाई में ग्राम खरखेडी तहसील डोलरिया के बृज मोहन गौर ने गरीबी रेखा सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन देते हुए बताया कि वे मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं तथा बीपीएल कार्ड के अभाव में उन्हे शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कलेक्टर ने तहसीलदार डोलरिया को जांच कर पात्रतानुसार आवेदक का नाम बीपीएल सूची में जोड़ने के निर्देश दिए। रसूलिया होशंगाबाद के नीलेश पाराशर ने बताया कि उनके द्वारा क्रय किए गए प्लॉट के कुछ भाग पर पड़ोस के व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। उनके द्वारा उक्त भूमि का 3 बार सीमांकन कराया जा चुका है परंतु राजस्व निरीक्षक द्वारा विधिवत सीमांकन नहीं किया गया। कलेक्टर ने एसएलआर को टीम बनाकर विधिवत सीमांकन कराने के निर्देश दिए। ग्राम आगरा कला तहसील होशंगाबाद के रमेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वयं के पैसो से शौचालय का निर्माण कराया था परंतु सरपंच एवं सचिव द्वारा शौचालय निर्माण की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत होशंगाबाद को राशि का भुगतान कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वॉर्ड क्रमांक 12 बाबई के निवासियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए पार्षद पति द्वारा राशि की मांग करने की शिकायत की। कलेक्टर ने पीओ डूडा को प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सभी विभागों के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।