होशंगाबाद :  राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रदेश के सरकारी स्कूलों के लगभग 54 लाख विद्यार्थियों की वर्तमान दक्षताओं के आकंलन के लिए बेस लाईन टेस्ट का कार्य 25 जून से प्रारंभ किया गया है। इस टेस्ट में प्रदेश की लगभग 1 लाख 11 हजार से अधिक शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में कक्षा 3 से कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी शामिल होंगे।

               शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित दक्षता उन्नयन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस आंकलन में विद्यार्थियों की गणित एवं हिंदी विषय की दक्षताओं का आंकलन किया जाएगा। 25 जून से 30 जून की अवधि में संपादित होने वाले इस टेस्ट को शाला स्तर पर किया जाएगा। जो विद्यार्थी इस दौरान शाला में अनुपस्थित रहेंगे उनके लिए 30 जून के बाद भी बेस लाईन टेस्ट आयोजित किया जाएगा। सभी नामांकित बच्चों की दक्षताओं का सटीक आंकलन करने के उपरांत शैक्षणिक सुधार हेतु कार्य योजना तैयार कर बच्चों के सीखने के स्तर अनुरूप समूह तैयार किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारी, जिला प्रशासन, शाला प्रबंधन समिति एवं पालक भी इस टेस्ट के सुचारू संचालन एवं मॉनीटरिंग में सक्रिय सहभागिता करेंगे। पूरे प्रदेश में निश्चित समयावधि में आयोजित किए जा रहे इस आंकलन टेस्ट के संबंध में दूरदर्शन मध्यप्रदेश से सोमवार 25 जून को शाम 6 से 6:30 बजे तक एक कार्यक्रम भी प्रसारित किया जा रहा है।

             यह बेस लाईन टेस्ट 25 से 30 जून की अवधि में विद्यालय स्तर पर ही कक्षा शिक्षक और विषय शिक्षक द्वारा किया जाएगा। जिसमें हिंदी विषय में पढ़ना, पढकर समझना तथा लिखना, गणित विषय में अंक पहचान, संख्या पहचान, घटाव, गुणा, भाग और मापन, ज्यामिती आकृतियों के बिंदुओं पर बच्चों की वर्तमान दक्षताओं का आंकलन किया जाएगा।

           विद्यार्थियों की वर्तमान दक्षताओं के सटीक आंकलन के लिए इस टेस्ट के दौरान कक्षा / विषय शिक्षक द्वारा एक-एक विद्यार्थी को अपने पास बुलाकर टेस्ट संचालित किया जाएगा। लिखकर हल करने वाले प्रश्नों को बच्चों को अपनी कॉपी की पेज पर या कागज उपलब्ध कराकर हल कराया जाएगा। आंकलन पश्चात प्रत्येक बच्चे के पेज को उसके पोर्टफोलियो में रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रूप से संधारित भी किया जाएगा।

          प्रश्नावली का प्रयोग किस तरह से होना हैं और बेस लाईन टेस्ट को सुगम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। बेस लाईन टेस्ट के लिए शाला मित्रों को आवंटित शालाओं का विवरण ई-मेल पर गूगल शीट के माध्यम से जिलों को भेजा जा रहा है। प्रश्नावली उपयोग कैसे होना हैं उसके वीडियो की लिंक सभी शिक्षकों को उनके रजिस्ट्रड मोबाईल नम्बर पर भेजी गई है। बेस लाईन टेस्ट  के लिए जारी किए गए पत्र के ऊपर कोने में क्यूआर कोर्ड को अंकित किया गया है। किसी भी एंड्राइड मोबाईल से इसे स्कैन करने पर वीडियो की यूट्यूब लिंक खुल जाती है और प्रश्न पत्रों के इस्तेमाल संबंधी वीडियो प्रारंभ हो जाते हैं। बेस लाईन टेस्ट की जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों एवं अकादमिक सदस्यों के साथ ही राज्य स्तर से संबंधित जिला प्रभारी अधिकारियों द्वारा मॉनीटरिंग की जाएगी।