होशंगाबाद :  आगामी 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का कार्यक्रम जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा। नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध व्यापार के विरुद्ध लोगों को जागरुक किया जाएगा। गत दिवस कलेक्टर प्रियंका दास ने बैठक कर निर्देश दिये कि 26 जून को शासकीय नर्मदा महाविद्यालय में प्रात: 8 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्थानीय स्कूलों के बच्चों की रैली निकाली जाएगी। बच्चों की रैली कार्यक्रम स्थल पर लाई जाएगी।

                गायत्री शक्तिपीठ के प्रचार रथ के माध्यम से नगर के प्रत्येक वार्ड में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और उससे होने वाली हानि के संबंध मे प्रचार प्रसार कराया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। फ्लेक्स, होर्डिंग्स, पैंप्लेट्स के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा। 26 जून को आयोजित जिला स्तरीय रैली कार्यक्रम में जिले के जन प्रतिनिधियों, नगर के गणमान्य नागरिक, समाज सेवी, पत्रकारगण, व्यापारी संघ, महाविद्यालय के छात्र छात्राओं को शामिल किया जाएगा।

              कलेक्टर प्रियंका दास ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये सभी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस, चिकित्सक एवं पर्याप्त मात्रा में दवाईयां एवं किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी अधिकारी प्रात: 7 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे।