होशंगाबाद :   प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से प्रति मंगलवार जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। आज आयोजित जनसुनवाई में 146 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में आज नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खण्डेलवाल अपने पार्षदगणों के साथ पहुंचे और उन्होंने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि नगरीय क्षेत्र होशंगाबाद के वार्डो में कई घरहीन परिवार निवासरत हैं। जिनका स्वयं का मकान अथवा भूमि नहीं हैं जो वर्षों से निवास कर रहे हैं। स्वयं का घर ना होने से किराये या शासकीय भूमि पर निवासरत हैं। इन परिवारों को स्वयं का रहने योग्य घर हो इस हेतु पट्टा दिलाया जाए। अखिलेश खण्डेलवाल के नेतृत्व में आये पार्षदगणों ने बताया कि इन घरहीन परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त नहीं हो रहा है। कलेक्टर प्रियंका दास ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदगणों को आश्वस्त किया कि राजस्व विभाग अपना कार्य करेगा और आवश्यकता पडी तो पट्टा दिलाया जाएगा।

              जनसुनवाई में पिपरिया के इमरत सिंह कतिया ने कलेक्टर प्रियंका दास के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके घर के सामने कॉलोनी नाइजर कलीराम रघुवंशी नाली का निर्माण कर रहा है। और मुझे वहां ना बसने की धमकी दी जा रही है। साथ ही कहा जा रहा है कि नाली तुम्हारे घर के सामने से ही निकाली जाएगी। श्री कतिया ने कलेक्टर को बताया कि कतिया जाति का होने के कारण मुझे कॉलोनी नाइजर वहां से भगाना चाहता है। कलेक्टर ने एसडीएम पिपरिया को प्रकरण का परीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। होशंगाबाद के भारत कुमार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके भाई संतोष कुमार, नवीन कुमार, बहन अर्चना और उनके स्वयं की स्कूल की अंकसूची में गलती से पिता का नाम किशोर कुमार लिख दिया गया था किंतु उनके पिता का सही नाम राम किशोर है। भारत कुमार ने बताया कि उन्होंने हरदा में अंकसूची सुधारने का आवेदन दिया था किंतु हरदा में कहा गया कि वर्ष 1999 तक हरदा जिला नहीं बना था इसलिए अंकसूची होशंगाबाद में सुधरेगी। अंकसूची में पिता का नाम बदलवाने के लिए वे बोर्ड ऑफिस भोपाल गए तो वहां कहा गया कि 8वीं की अंकसूची में पहले पिता का नाम बदलवाया जाए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। होशंगाबाद के दृष्टि बाधित विकलांग कुमारी रजनी सनूतिया ने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि वह आईआईटी कर रह रही हैं। परिवार में पिता का निधन हो गया है इससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने बीए में शिक्षा सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने प्राचार्य नर्मदा कॉलेज को छात्रा रजनी को बीए में एडमिशन दिलाने के निर्देश दिए।

           जनसुनवाई में सोहागपुर के ग्राम अजेरा के बसंत शाह ने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि तहसील कार्यालय में पदस्थ आरआई गुलाब चंद एवं पटवारी भूपेन्द्र माझी उनकी जमीन का सीमांकन नहीं कर रहे हैं। आरआई धमकी देते है कि ज्यादा कार्यवाही की तो लाल कलम फेर कर उनके जमीन का रिकॉर्ड निरस्त करा देंगे। कलेक्टर ने तहसीलदार सोहागपुर को आवेदन का परीक्षण करने के निर्देश दिए। संजय गांधी संस्थान पचमढी में पदस्थ भृत्य गुलाब प्रसाद जयसवाल ने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि वे वर्तमान में जिला निर्वाचन कार्यालय होशंगाबाद में पदस्थ हैं। उनका 16 जनवरी 2017 से 20 जनवरी 2017 तक का एवं 20 मई 2017 से 25 मई 2017 तक का वेतन नहीं निकला। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

         बाबई के सुकेश कुमार ने गरीबी रेखा सर्वे सूची में नाम शामिल कराने से संबंधित तथा होशंगाबाद के काशीराम मांझी ने प्रधानमंत्री आवास बनवाने एवं अपनी टपरिया का पट्टा दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। बीजनवाड़ा के भोलेराम राणा ने उच्च शिक्षा ऋण अदा ना करने पर बैंक द्वारा बंधक भवन से सरफाईसी का जारी नोटिस निरस्त करने, बनखेडी की सुनीता नाहर ने नगर पालिका पिपरिया में पति की मृत्यु उपरांत अनुकंपा नियुक्ति दिलाये जाने, ग्वालटोली की लक्ष्मी तलरेजा ने गरीबी रेखा का कार्ड बनवाने तथा बच्चों की स्कूल की फीस माफ करने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। सिलारी खुर्द की मालती बाई ने विद्युत ठेकेदार द्वारा बिना अनुमति के उनके खेत के मध्य पोल लगाने तथा 33 केबी के लाईन निकालने, बाबई के ग्राम मुडापार के सुशील कुमार ने उन्हें गलत जगह पर जमीन दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर प्रियंका दास ने सभी आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर वृंदावन सिंह, डिप्टी कलेक्टर निधि सिंह गोहिल एवं सभी विभाग के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।