होशंगाबाद : उत्कृष्ट छात्रावासों एवं महाविद्यालयीन छात्रावासों में निवासरत छात्र छात्राओं को छात्रावासों में ही कोचिंग हेतु इच्छुक शिक्षक एवं व्याख्याताओं से आवेदन 25 जून तक आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक शिक्षक एवं व्याख्याता संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग होशंगाबाद चंद्रकांता सिंह ने बताया कि उत्कृष्ट कन्या छात्रावास में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, भौतिक, रसायन, कम्प्यूटर कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसी क्रम में उत्कृष्ट कन्या छात्रावास केसला, उत्कृष्ट बालक छात्रावास केसला, उत्कृष्ट बालक छात्रावास पचमढी में कक्षा 9वीं से कक्षा 11वीं तक की कोचिंग हेतु अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, भौतिक, रसायन, कम्प्यूटर के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। श्रीमती सिंह ने बताया कि महाविद्यालयीन जनजातीय कन्या छात्रावास होशंगाबाद एवं इटारसी हेतु स्नातक तक अंग्रेजी विषय के लिए तथा महाविद्यालयीन जनजातीय बालक छात्रावास होशंगाबाद एवं पिपरिया में अंग्रेजी विषय के लिए महाविद्यालयीन अनुसूचित जाति बालक छात्रावास होशंगाबाद एवं कन्या छात्रावास होशंगाबाद में अंग्रेजी विषय के लिए कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कोचिंग हेतु चयनित शिक्षकों को शासन द्वारा मानदेय देय होगा। शिक्षक आवेदन प्रस्तुत करते समय कार्यरत संस्था का अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण अंकसूची, अध्यापन का अनुभव प्रमाण पत्र, जिस विषय में कोचिंग छात्रा-छात्राओं को दी जानी है उस विषय का स्नातकोत्तर अंकसूची संलग्न करनी होगी। चयन में स्थानीय शिक्षक को वरीयता दी जाएगी।