होशंगाबाद : कृषि उपज मंडी प्रांगण होशंगाबाद में मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरण के लिए विकासखण्ड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल ने कहा कि यह योजना बहुत ही परोपकारी योजना है जिसे गरीबों का हक उन्हें दिलाने के लिए प्रारंभ किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ध्येय है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित असंगठित श्रमिकों से कहा कि वे अपने पड़ोसियों एवं गांव के अन्य लोग जिन्हें इस योजना की आवश्यकता है परंतु वे इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं, को इस योजना के बारे में जागरूक करें। कोई भी पात्र परिवार योजना का लाभ लेने से वंचित ना रह पाये। उन्होंने कहा कि इस योजना से जहां गरीबों को पक्के मकान मिलेंगे वहीं गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार के लिए राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग किसी अन्य चीज में ना करें। साथ ही बच्चों के भविष्य के लिए उनकी पढ़ाई की फीस सरकार द्वारा भरी जाएगी। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित लोगों से कहा कि वे बेटे बेटियों में भेद ना करें तथा दोनों को खूब पढ़ायें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री मधुकर राव हर्णे ने कहा कि जागरूक होकर ही आप इन योजनाओ का लाभ ले सकते हैं। जिन लोगो ने अभी तक इस योजना के अंतर्गत पंजीयन नहीं कराया है वे शीघ्र अपना पंजीयन करायें। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि आज पूरे प्रदेश के 313 विकासखण्डों में एक साथ मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना का शुभारंभ हो रहा है। असंगठित क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए यह सुनियोजित योजना बनाई गई है। इस योजना के अंतर्गत दी जाने वाली अंत्येष्टि सहायता राशि नकद प्रदान की जाएगी। सामान्य मृत्यु होने पर भी असंगठित श्रमिक के परिवार को सहायता राशि प्राप्त होगी। जुलाई माह से पात्र परिवारों को फ्लैट रेट पर बिजली प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लोगों को परेशान नहीं होना पडेगा। प्रशासन द्वारा प्रभावी ढंग से इसका क्रियान्वयन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा ने योजना के बारे में विस्तारित जानकारी प्रदान की। होशंगाबाद जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी ने आभार प्रदर्शन किया।
सम्मेलन में टिमरनी जिला हरदा में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। सम्मेलन में होशंगाबाद विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे असंगठित श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। अनुग्रह सहायता के अंतर्गत कुसुम बाई, रीना चौधरी, वर्षा मेहरा एवं कुसुम बाई को 2-2 लाख रूपए की राशि के चैक प्रदान किए गए। सेजल वर्मा, मोहनी, नित्या, वंशिका एवं पार्थिवी को लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पूजा चौरे, खुशबू केवट, निधि चौरे, प्राची कुशराम, प्रीता चौरे को प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। पूनम, शारदा एवं फूला बनवारे को प्रसूती सहायता के अंतर्गत 11 हजार 600 रूपए की राशि प्रदान की गई। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत सीमा बाई बास्करे, चंपा कीर, सरोज बामने, ज्योति सूर, सरोज सूर, मनी बाई, जमुना धुर्वे आदि को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। इसी प्रकार हरिप्रकाश, नर्मदा प्रसाद, रामेश्वर, रामबाई, लक्ष्मी बाई आदि को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत कमलेश सराठे, सौरभ पटेल, हरिप्रसाद आदि को स्वीकृत राशि के चैक प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से शेष हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत होशंगाबाद के उपाध्यक्ष अतुल गौर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में असंगठित श्रमिक उपस्थित रहे।