होशंगाबाद : संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग नर्मदापुरम संभाग जेपी यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जनजातीय कार्य विभाग की संभागीय एवं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के संबंध में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, खेल अनुदेशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक स्थानीय ज्ञानोदय विद्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के लिये होशंगाबाद, बैतूल, खण्डवा, बुरहानपुर, श्योपुर को विभिन्न स्र्पधाओं को आयोजित किए जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जेपी यादव द्वारा खेल की गुणवत्ता सुधार एवं खेलो के समयबद्ध एवं सुचारू संचालन के निर्देश दिये गये। यादव ने कहा कि खेल अनुदेशकों को अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देना चाहिए तथा खेलों का संपूर्ण सैद्धांतिक एवं मैदानी ज्ञान होना आवश्यक है। समय समय पर खेलों के नियमों में होने वाले बदलाव की जानकारी भी होना चाहिए। विद्यालयों में प्रतिदिन खेल कार्यक्रम आयोजित होना चाहिए। उन्होनें अधिकारी, कर्मचारियों के लिये भी खेल प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया तथा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खेल अनुदेशकों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों में भी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाएं होती हैं उन्हें उचित मंच दिये जाने हेतु सूचीबद्ध किया जाए तथा अवकाश काल में प्रतियोगिताएं कराई जाएं।
इस अवसर पर खेल अनुदेशकों का खेल ज्ञान परखने हेतु लिखित खेल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 30 खेल अनुदेशक सम्मिलित हुए। प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. घोडाडोगरी के जसविंदर सिंह प्रथम, उ.मा.वि. जुआडी के संजीव गौतम द्वितीय स्थान पर रहे। विजेताओं को जेपी यादव द्वारा पुरुस्कृत किया गया।