भोपाल :  आम आदमी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों चयन प्रक्रिया के तहत विधानसभा वार कार्यकर्ता बैठकों का दौर शुरू हो गया है। 12 जून से 18 जून तक चलने वाली कार्यकर्ता बैठक के पहले दिन ग्वालियर जिले की दो विधानसभाओं में संभावित नामों पर चर्चा हुई। आप की प्रत्याशी चयन समिति की अध्यक्ष चित्तरूपा पालित ने बताया कि कार्यकर्ता बैठक में भी नए नामों को प्रस्तावित किया जाएगा और इसके बाद उनके इंटरव्यू शुरू होंगे। इंटरव्यू की प्रक्रिया 16 जून से शुरू होगी, जो 19 जून तक चलेगी। इसके बाद राज्य की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) संभावित उम्मीदवारों के नाम राष्ट्रीय पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) को भेजेगी। राष्ट्रीय पीएसी की मोहर लगने के बाद भोपाल में 25 जून को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी।

            उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी स्वच्छ और ईमानदार छवि के प्रत्याशियों के चयन के प्रति संकल्पबद्ध है और राजनीति में बदलाव लाने की नीयत से ही नए और ऊर्जावान साथियों के साथ-साथ अनुभवी प्रत्याशियों को भी तरजीह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों का निर्णय सर्वसम्मति से किया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता को भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ एक मजबूत विकल्प दिया जाएगा। ताकि मध्य प्रदेश में बदलाव का नया दौर शुरू हो और प्रदेश की 8 करोड़ की आबादी के खुशहाल भविष्य की नींव रखी जा सके।

           विधानसभा वार कार्यकर्ता बैठकों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उज्जैन जोन की नीमच विधानसभा की कार्यकर्ता बैठक 13 जून को होगी। इसके पर्यवेक्षक श्री आशुतोष मेहर होंगे। इसके अलावा ग्वालियर जोन की सेवड़ा विधानसभा में 14 जून को बतौर पर्यवेक्षक श्री हिमांशु कुलश्रेष्ठ बैठक लेंगे। उन्होंने बताया कि ग्वालियर दक्षिण विधानसभा और ग्वालियर विधानसभा में 12 जून को पर्यवेक्षक श्री यतीन्द्र सिंह कुशवाह ने बैठक ली हैं।

          इसी तरह 13 जून को इंदौर जोन की कसरावद विधानसभा (पर्यवेक्षक: श्री गुरमीत सिंह, श्री अजय सिंह), भोपाल जोन की सीहोर विधानसभा (पर्यवेक्षक- बीएस राजपूत जी) और जबलपुर जोन की बिछिया विधानसभा (पर्यवेक्षक- अरविंद चौधरी) में कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। छिंदवाड़ा में 17 जून (पर्यवेक्षक- विवेक सिंह), भोपाल मध्य में 18 जून (पर्यवेक्षक: सुश्री साधना पाठक), भोपाल उत्तर में 18 जून (पर्यवेक्षक: प्रवीण सक्सेना) को कार्यकर्ताओं की बैठक होगी, जिनमें प्रत्याशी के चयन पर बातचीत होगी।

मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश