होशंगाबाद :  कलेक्टर प्रियंका दास ने गत दिवस सोहागपुर एवं पिपरिया में बीएलओ एवं सुपरवाईजर की बैठक ली। उन्होने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे डोर टू डोर सर्वे का कार्य ठीक से करें। यदि बीएलओ की लापरवाही के कारण मतदाता सूची में कोई भी त्रुटि रहती है तो संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होनें कहा कि सभी सुपरवाईजर्स अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्य का अवलोकन करे। बीएलओ की गलती होने पर संबंधित सुपवाईजर के विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।

              कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें किसी का भी नाम जोडने या हटाने का काम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही करें। जिन मतदाताओं के नाम के साथ गलत फोटो लगी है, उनकी सूची बीएलओ को उपलब्ध कराई जा रही है। इन मतदाताओं से नवीन फोटो प्राप्त कर सुधार करे। कलेक्टर ने बैठक में बीएलओ एवं सुपरवाईजर्स से डीएसई एवं दोहरी प्रविष्टि के संबंध में पूछा। किसी के द्वारा ठीक से उत्तर न देने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होने बीएलओ एवं सुपरवाईजर्स से कहा डीएसई की सूची में चिन्हांकित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने बीएलओ द्वारा एकत्रित किए फॉर्म की संख्या पर भी असंतोष प्रकट किया। उन्होनें कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही किसी भी मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए। उन्होनें जन्म-मृत्यु रजिस्टर से मृत व्यक्तियों के नाम लेकर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने के निर्देश दिये।

            बैठक में कलेक्टर ने फॉर्म ऑनलाईन फीडिंग की स्थिति पर असंतोष प्रकट किया। उन्होने कहा कि एसडीएम बीएलओ द्वारा एकत्रित किए जा रहे फॉर्म की ऑनलाईन फीडिंग कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सोहागपुर की बैठक में अपूर्ण मतदाता सूची होने पर केंद्र क्रमांक 119 के बीएलओ तथा कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर केंद्र क्रमांक 136 एवं 144 के बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होने पिपरिया की बैठक में सभी अनुपस्थित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि चुनाव संबंधित कार्यों की निरंतर समीक्षा होती रहेगी। सभी बीएलओ, सुपरवाईजर्स एवं अधिकारी मतदाता सूची के परीक्षण का कार्य ठीक से करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।

           सोहागपुर में आयोजित बैठक में संयुक्त कलेक्टर आदित्य रिछारिया, एसडीएम ब्राजेश सक्सेना, तहसीलदार सोहागपुर भास्कर गाचले, तहसीलदार बाबई आलोक पारे संबंधित अधिकारीगण एवं सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं सुपरवाईजर्स उपस्थित रहे। पिपरिया में आयोजित बैठक में एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, तहसीलदार बनखेडी श्रीमती गीतांजलि शर्मा, तहसीलदार पिपरिया विंकी सिंहमारे, संबंधित अधिकारीगण तथा पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं सुपरवाईजर्स उपस्थित रहे।