होशंगाबाद : स्कूल शिक्षा विभाग की सुपर-100 योजना की प्रवेश परीक्षा में संशोधन किये गये हैं। सुपर-100 योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की चयन परीक्षा जिला मुख्यालयो पर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में 28 जून को आयोजित की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किये है।
योजना में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10 वीं की परीक्षा उत्र्तीण करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें कक्षा 11 वीं और कक्षा 12 वीं में सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय भोपाल और मल्हाराश्रम शासकीय स्कूल इंदौर में प्रवेश दिलाया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाकर उत्कृष्ट स्तर की कोचिंग दिलाई जाएगी। जिससे ये छात्र देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओ में प्रवेश ले सके। सुपर-100 योजना में परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थियों की सूची विमर्श पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
प्राचार्यो को पात्र विद्यार्थियों और पालको की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गये हैं। सुपर-100 में सामान्य वर्ग के 85 प्रतिशत अंक प्राप्त विद्यार्थियों और अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की पात्रता होगी। चयन परीक्षा में बैठने के इच्छुक विद्यार्थी 10 जून की शाम 5 बजे तक पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा के दो सप्ताह पूर्व विमर्श पोर्टल पर अपलोड कर दिये जायेंगे। परीक्षा के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग के विमर्श पोर्टल पर अपलोड कर दिये गये हैं। चयन परीक्षा गणित समूह के लिये प्रात: 10 बजे से, वाणिज्य समूह हेतु दोपहर 12:30 बजे से और जीव विज्ञान समूह हेतु दोपहर 3 बजे से आयोजित की जायेगी। एक विद्यार्थी अधिकतम 2 विषय समूह की परीक्षा दे सकता है।