भोपाल : आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शिवराज सरकार तो किसान विरोधी है ही, कांग्रेस ने भी किसानों के साथ लगातार धोखा किया है। आज प्रदेश के किसान भाजपा के खिलाफ हैं, तो उन्हें गले लगाने वाले राहुल गांधी ने सरकार बनने पर किसानों के कर्ज माफी की घोषणा की है। यह असल में एक और धोखा है। कांग्रेस ने 2006 से 2014 के बीच स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट लागू नहीं की और इस दौरान देश भर में 1,28,378 किसानों ने आत्महत्या की है। यही नहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस मंदसौर गोली कांड की बरसी मना रही है, लेकिन वह भूल जाती है कि राहुल गांधी के साथ जो दिग्विजय सिंह मंच पर खड़े थे। उन्हीं के मुख्यमंत्री काल में मुलताई में किसानों पर गोली चलाई गई थी, जिसमें 18 किसानों की मौत हो गई थी। इस तरह कांग्रेस भी भाजपा की ही तरह किसानों की हत्यारी पार्टी है।
12 जून को मुलताई और मंदसौर में किसानों के बीच जाएंगे आप के नेता -
12 जून को आम आदमी पार्टी कांग्रेस और भाजपा के किसान विरोधी चेहरे को उजागर करेगी। मुलताई में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल और प्रदेश संगठन मंत्री पंकज सिंह किसानों के बीच जाएंगे। इसी तरह 12 जून को ही प्रदेश संगठन सचिव एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष युवराज सिंह, उज्जैन जोन के प्रभारी इंद्र विक्रम सिंह, मंदसौर के लोकसभा प्रभारी नवीन अग्रवाल और महिला शक्ति की लोकसभा प्रभारी राजिंदर कौर मंदसौर किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि मुलताई के गोली कांड को हाल ही में 20 साल हो गए हैं। प्रदेश का किसान अपने साथ हुई हर नाइंसाफी को अच्छी तरह से जानता है और वह पिछली घटनाओं को याद भी रखता है। आम आदमी पार्टी 11 जून से शुरू हो रही अपनी जनजागरण यात्रा के दौरान किसानों के बीच जाकर नीतियों पर बात करेगी।
उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग का गठन कांग्रेस ने ही किया था। इसके बाद 2006 में इसकी रिपोर्ट भी आ गई, लेकिन स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट की अनुशंसाएं आज तक लागू नहीं हुई हैं। इस बीच 2006 से 2014 के बीच 1.28 लाख से ज्यादा किसानों ने पूरे देश में आत्महत्या की है। इन आत्महत्याओं की जिम्मेदारी कांग्रेस की है, क्योंकि कांग्रेस ने अगर स्वामीनाथन आयोग की अनुशंसाओं के मुताबिक फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम तय किया होता और अन्य सिफारिशों को लागू किया होता तो लाखों किसानों की जान बचाई जा सकती थी, लेकिन आठ साल तक कांग्रेस ने रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की और किसानों को मरने के लिए छोड़ दिया।
उन्होंने मध्य प्रदेश में किसानों के साथ किए गए अत्याचार पर कहा कि मंदसौर गोली कांड की यादें किसानों के दिलों में ताजा हैं, और भाजपा के किसान विरोधी चेहरे को इसने उजागर किया है। लेकिन किसानों के दिलों में आज भी 1998 के मुलताई गोली कांड की टीस भी बरकरार है। मुलताई में 12 जनवरी 1998 को कांग्रेस की दिग्विजय सिंह सरकार के दौरान किसानों पर गोली चलाई गई, जिसमें 18 किसानों की मौत हो गई थी। कांग्रेस ने महज किसानों के साथ धोखा किया है असल में तो कांग्रेस किसानों से खिलवाड़ करने वाली झूठी और धोखेबाज पार्टी है।
पंजाब में भी किया किसानों के साथ धोखा-
अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि किसानों को पूर्ण कर्ज माफी दी जाएगी, लेकिन असल में वहां भी धोखा किया गया। पहले कर्ज माफी के लिए 10 लाख किसानों का चयन किया गया, फिर 5.63 लाख किसानों की सूची जारी की गई। आखिर में 46 हजार किसानों को ही चुना। यही नहीं इनमें वही किसान शामिल थे, जिनकी जमीन 2.5 एकड़ से कम थी और जिन्होंने को-ऑपरेटिव बैंकों से कर्ज लिया था। जबकि कांग्रेस सरकार ने वादा किया था कि 5 एकड़ से कम जमीन वाले सभी किसानों को कर्ज में दो लाख रुपए की छूट दी जाएगी। बाद में सरकार ने सिर्फ उन्हीं का कर्ज माफ किया जिनकी 2.5 एकड़ से कम और जिनका कर्ज 2 लाख रुपए तक था। यह किसानों के साथ साफ-साफ धोखाधड़ी है।
मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश