होशंगाबाद : मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार होशंगाबाद जिले के सभी सातो विकासखंडो में एक साथ 13 जून को असंगठित श्रमिको को लाभान्वित करने के लिए कार्यक्रमो का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमो की तैयारी करने के लिए कलेक्टर प्रियंका दास की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों के चयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना अंतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिको को योजनाओ का लाभ दिया जाना है। उन्होंने डीएचओ को निर्देशित किया कि वे प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की ब्लॉक वार सूची जनपद पंचायतो के सीईओ को उपलब्ध कराए ताकि असंगठित श्रमिको की सूची से इनका मिलान किया जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि एक अप्रैल के बाद जिन असंगठित मजदूरो की मृत्यू हुई है उनके परिवारो को अंत्येष्टि सहायता योजना का लाभ दिया जाएगा। जिन परिवारो को लाभान्वित किया जा चुका है उनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करे। जन्म-मृत्यू रजिस्टर से जानकारी लेकर नवीन हितग्राहियों का चिन्हांकन करे। उन्होंने कहा कि अगर किसी परिवार ने योजना की जानकारी न होने के कारण सहायता के लिए आवेदन नही किया है तो उनकी पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाए। उन्होंने कहा कि जन कल्याण योजना के संबंध में पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने के लिए सभी जनपद पंचायतो के सीईओ को प्रशिक्षित किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि असंगठित श्रमिको को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए सहायता दी जानी है। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि एनआरएलएम के अंतर्गत गृह उद्योग एवं अन्य लघु उद्योगो हेतु ऋण प्रदाय करने के लिए हितग्राहियों के प्रकरण बनाकर बैंको को प्रेषित करे। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन लक्ष्यो के अंतर्गत स्वीकृति पत्र हितग्राहियों को उक्त खंडस्तरीय कार्यक्रमो में प्रदान करे। उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय को पात्र हितग्राहियों को व्हील चेयर, ट्रायसायकिल, एमआर किट आदि वितरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इन कार्यक्रमो के लिए सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करे तथा लोगो को जनकल्याण योजना एवं कार्यक्रम के संबंध में जागरूक करने के लिए दीवार लेखन कराएं। बैठक में डीएफओ विजय सिंह, जिला पंचायत के सीईओ पीसी शर्मा तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।