होशंगाबाद :  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देश दिए है कि ग्राम रोजगार सहायकों के अनिश्चित कालीन हड़ताल पर होने के कारण मजदूरो को कार्य उपलब्ध कराने की संपूर्ण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिती में कुछ सचिव अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नही कर रहें है जिस कारण से 109 ग्राम पंचायतो में मस्टर रोल जारी नहीं हो पाए है, इससे होशंगाबाद जिले की स्थिती लेबर नियोजन में काफी कम है।

               उन्होंने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित  किया है कि 31 मई की स्थिती में जिस ग्राम पंचायत में मजदूर कार्यरत नहीं है उस ग्राम पंचायत की सचिव का नो वर्क नो पेय के आधार पर 7 दिवस का वेतन राजसात किया जाना सुनिश्चित करें। भविष्य में लेबर नियोजन में प्रगति नहीं आने पर लापरवाह और गैर जिम्मेदार सचिवों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित करें। श्री शर्मा ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अब तक की गई कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन 3 दिवस के अंदर प्रस्तुत करें।

              उल्लेखनीय है कि मनरेगा अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रति दिन कम से कम 50 मजदूरों को कार्यो पर नियोजन कराने हेतु निर्देश जारी किए गए थे, किन्तु ऑनलाईन रिपोर्ट के अनुसार 423 ग्राम पंचायतों में से 314 ग्राम पंचायतों में मात्र 4 हजार 297 मजदूर कार्यरत है जो कि अपेक्षित प्रगति से काफी कम है। जिले में प्रधानमंत्री आवास के 7 हजार 940 कार्य अप्रारंभ है एवं 9 हजार 895 कार्य प्रगतिरत है। इसके अतिरिक्त जिले में 7 हजार 224 कार्य प्रगतिरत है जिनमें काफी संख्या में मजदूरो के मस्टर रोल जारी कराएं जा सकते है। ग्राम रोजगार सहायक अनिश्चित कालीन हड़ताल पर है इसलिए मजदूरो को कार्य उपलब्ध कराने की संपूर्ण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव की है।