होशंगाबाद :  आगामी 10 जून को प्रदेश के 313 विकासखंड़ों में विकासखंड स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना  अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का लाभ पात्र किसानो के बैंक खातो में जमा किया जाएगा। 10 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर में किसान महासम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के किसान महासम्मेलन में रबी विपणन वर्ष 2018-19 में गेहूं, चना, मसूर एवं सरसो की प्रोत्साहन राशि आरटीजीएस के माध्यम से पात्र किसानो के सत्यापित किये गये बैंक खातो में जमा कराई जाएगी।

               मुख्यमंत्री चौहान के जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी 313 विकासखंड़ों के किसान सम्मेलन में किया जाएगा। जारी विवरण के अनुसार प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर एक बजे से दोपहर 2 बजे तक मुख्यमंत्री श्री चौहान के किसान महासम्मेलन के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से प्रदर्शनी का अवलोकन तथा कृषि विशेषज्ञो से वन टू वन चर्चा की जाएगी।

             राज्य शासन द्वारा निर्देश दिए गये हैं कि विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में लगभग दो हजार से 5 हजार किसानो की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सम्मेलन में समस्त सम्मानीय जनप्रतिनिधियो को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में मंत्रीगण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सभी जिलो में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की प्रोत्साहन राशि वितरण विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थति में किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम के लिए प्रत्येक विकासखंड के मान से 3 लाख रूपए की राशि आवंटित की गई है। इस राशि से जिला कलेक्टर के अनुमोदन पर तथा मार्गदर्शन में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कृषक संगोष्ठी में दो कृषि वैज्ञानिको को आमंत्रित किया जाएगा। वैज्ञानिको की सूची प्रेषित की गई है। सम्मेलन में प्रगतिशील किसानों को भी आमंत्रित किया जाएगा। किसान वैज्ञानिको से सीधे संवाद करेंगे।

             सम्मेलन में किसानों को निम्न जानकारी दी जाएगी - विकासखंड स्तरीय कृषक सम्मेलन में कृषि वैज्ञानिक एवं सेवा निवृत्त कृषि वैज्ञानिक संगोष्ठी में किसानो को राज्य शासन द्वारा किसान हित में लिए गये निर्णयो की जानकारी देंगे। स्वाइल हैल्थ कार्ड के आधार पर मिट्टी की गुणवत्ता की जानकारी, फसल चक्र में परिवर्तन, नवीनतम कृषि तकनीको की जानकारी, नवीनतम उन्नत बीजो की जानकारी, अंर्तवर्तीय फसलो को बढ़ावा देने, कृषि वानिकी एवं कृषि उद्यानिकी को बढ़ावा, उद्यानिकी फसलो को बढ़ावा, मेढ़ो में वृक्षारोपण की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिक जैविक खेती, एकीकृत कृषि, मेढ़ बंधान, मूल्य संवर्धन तकनीक, नरवाई जलाने के दुष्परिणामों की जानकारी, अऋणी किसानो को प्रधानमंत्री फसल बीमा से जोड़ने, कस्टम हायरिंग एवं कस्टम प्रोसेसिंग सेंटर की स्थापना, पशु पालन एवं डेयरी विकास, मछली पालन एवं मधु मक्खी पालन, बांस रोपण, मुख्यमंत्री कृषक युवा उद्यमी योजना की जानकारी कृषकों को दी जाएगी। 

          सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी, पशु पालन, मछली पालन सहित कृषि से संबंद्ध विभागो को शामिल किया जाएगा। सम्मेलन में उन्नत किस्म की बीजो के सैम्पल, खरीफ फसलो की नवीन तकनीको के बोर्ड, फ्लैक्स लगाए जायेंगे। सम्मेलन में उन्नत कृषि यंत्रो का प्रदर्शन किया जाएगा तथा नवीन तकनीको एवं कृषक समृद्धि योजना के पैम्पलेट्स का वितरण किया जाएगा।