नई दिल्ली : वरिष्ठ पत्रकार और लेखक राजकिशोर का सोमवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया l जानकारी के मुताबिक निमोनिया से पीड़ित 71 वर्षीय राजकिशोर को अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था l फेफड़ों में संक्रमण के बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई जिसके बाद आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली l
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 2 जनवरी 1947 को जन्मे राजकिशोर हमेशा से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लिखते रहे l साथ ही उन्होंने एक निष्पक्ष पत्रकारिता को भी अपने भीतर जीवंत रखा l उनके द्वारा लिखी गईं पत्रकारिता के परिप्रेक्ष्य, धर्म, सांप्रदायिकता और राजनीति, एक अहिंदू का घोषणापत्र, जाति कौन तोड़ेगा, रोशनी इधर है, सोचो तो संभव है, राजा का बाजा जैसी किताबें लोगों के जहन में वर्षो तक अमिट छाप छोड़ेगी l
हिन्दी साहित्य में योगदान के लिए राजकिशोर को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया l जिसमे लोहिया पुरस्कार साहित्यकार सम्मान, राजेंद्र माथुर पत्रकारिता पुरस्कार शामिल हैं l