होशंगाबाद :  नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव के नेतृत्व में नर्मदा नदी के रिपेरियन जोन को पुराने वैभव में लाने के लिये एवं तट क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिये बीजा रोपण एवं पौध रोपण किये गये हैं। जगह-जगह पौधों की सुरक्षा हेतु तार फेंसिंग का कार्य किया गया है तार फेंसिंग का कार्य पूरी तरह जनभागीदारी एवं आम जनता के सहयोग से किया जा रहा है।

               समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति स्वयं आगे आकर तार फेंसिंग के लिये सीमेंट, पोल, तार, एवं नगद धनराशि का दान कर रहे हैं। सिवनी मालवा के ग्राम ग्वाडी के मांगीलाल पालीवाल ऐसे ही एक दानदाता हैं जिन्होनें ग्वाडी में तार फेंसिंग के कार्य के  लिये अपनी ओर से 1 लाख रुपये की राशि का चैक गत दिवस सिवनी मालवा के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी धीरेन्द्र सिंह को प्रदान किया है।

              मांगीलाल पालीवाल नर्मदा समिति आंवलीघाट के केयरटेकर हैं तथा काफी दिनों से केंसर से पीडित हैं। उनका उपचार नागपुर के अस्पताल में चल रहा है। मांगीलाल पालीवाल कई परेशानियों से भी जूझ रहे हैं लेकिन वे मां नर्मदा नदी के प्रति असीम श्रृद्धा रखते हैं। उनका कहना है कि गत दिवस जब कमिश्नर श्री उमराव ने जनभागीदारी से राशि जुटाने का आव्हान किया था तभी उन्होनें सोच लिया था कि वे भी इस अभियान में अपना योगदान देगें। पालीवाल का कहना है कि वे कैंसर से पीडित हैं और जीवन का कोई भरोसा नहीं लेकिन इस दुनिया से जाने के पूर्व वे नर्मदा मईयां के चरणों में उनके पुर्नजीवन के लिये अपनी ओर से थोडा सा प्रयास कर रहे हैं। श्री पालीवाल ने गत दिवस अनुविभागीय राजस्व अधिकारी के कार्यालय में जाकर 1 लाख रुपये की राशि का चैक धीरेन्द्र सिंह को सौंपा।