होशंगाबाद :  केरल राज्य में गत दिनों में निपाह वायरस की बीमारी फैलने तथा बीमारी से कुछ लोगों की मृत्यु होने की जानकारी प्रकाश में आई है। निपाह वायरस बीमारी सामान्यत: संक्रमित बडी चमगादड एवं सुअरों के माध्यम से फैलने वाला संक्रामक रोग है। होशंगाबाद जिले में निपाह वायरस बीमारी के संबंध में आवश्यक सुरक्षा एवं सावधानी बरतने का अलर्ट जारी किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पीके चतुर्वेदी ने बताया कि जिला स्तर से निपाह वायरस बीमारी की रोकथाम एवं उपचार के संबंध में भारत शासन की गाइडलाईन जिले के सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन एवं अधीक्षक सिविल अस्पताल इटारसी एवं आईएमए होशंगाबाद को भेज दी गई है।

               डॉ. चतुर्वेदी ने जिले वासियों को बताया कि निपाह वायरस बीमारी सामान्य रूप से सीमित क्षेत्र में होती है। अत: इसके लिये जिले की आम जनता भयभीत न होवे। उन्होनें बताया कि निपाह वायरस बीमारी के सामान्य लक्षण हैं जैसे बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, उल्टी दस्त, सुस्ती आना, बेहोश हो जाना आदि हैं। डॉ चतुर्वेदी ने बताया कि जिले वासी इस बीमारी के प्रति सावधानी बरतें तथा बडी चमगादडों के द्वारा खाए हुए फलों का सेवन न करें, ताड़ी का सेवन न करें, बडी चमगादडों के संपर्क से बचे तथा संभावित निपाह वायरस बीमारी के रोगी से दूर रहे उनसे संपर्क न करें।

            डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि केरल राज्य से आने वाले आंगन्तुकों एवं बडी चमगादड के निकट रहने वाले लोगों में निपाह वायरस के लक्षण पाए जाने पर उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल के चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। उन्होनें कहा कि सावधानी ही बचाव है।