होशंगाबाद :  प्रदेश के खाद्य विभाग द्वारा सभी कलेक्टर्स को निर्देश जारी किये गये हैं कि प्रदेश में पहुँच विहीन शासकीय उचित मूल्य दुकानो पर आगामी 5 जून तक जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर माह के खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण किया जाए। प्रदेश में 18 जिलो की 111 राशन दुकाने वर्षाकाल में पहुँच विहीन हो जाती हैं।

               होशंगाबाद जिले में 11 राशन दुकान ऐसी है जो वर्षाकाल में पहुंच विहीन दुकान के रूप में चिन्हित हैं। खाद्य विभाग द्वारा पहुँच विहीन 111 राशन दुकानो के लिए अग्रिम भंडारण के लिए 25 लाख 20 हजार 570 किलोग्राम खाद्यान्न का आवंटन जारी किया गया है। इसमें 17 लाख 31 हजार 660 किलोग्राम गेहूं और 7 लाख 88 हजार 910 किलोग्राम चावल शामिल है। इसके साथ ही 46 हजार 329 किलोग्राम नमक और 50 हजार 169 किलोग्राम डबल फोर्टीफाइड नमक का भी आवंटन किया गया है।

              खाद्य आयुक्त श्रीमन शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानो के अनुसार मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत 10 मई 2018 की स्थिति में समग्र पोर्टल पर पहुँच विहीन राशन दुकानो के परिवारो के लिए अगले तीन माह के अग्रिम भंडारण के लिए आवंटन जारी किया गया है। इसमें अंत्योदय अन्न योजना के 6132 परिवार और प्राथमिकता परिवारो के 1 लाख 25 हजार 114 सदस्य शामिल हैं।