होशंगाबाद : बाबई विकासखण्ड के ग्राम गूजरवाड़ा में स्माईल वैन के माध्यम से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज यादव द्वारा ग्राम के 63 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। साथ ही डॉ. यादव द्वारा आंगनबाडी केंद्र गूजरवाड़ा में आयोजित किए जा रहे स्नेह शिविर में उपस्थित होकर कुपोषित बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग की गई व आवश्यक पोषण परामर्श भी प्रदान किया गया। स्माईल वैन द्वारा निजी एवं शासकीय शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सक दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कुपोषित बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाईयां उपलब्ध करा रहे हैं। कुपोषित बच्चों को ग्राम में ही चिकित्सकीय लाभ प्रदान करने के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्माईल वैन चलाई जा रही है। जिले में अब तक स्माईल वैन के माध्यम से 4100 से अधिक कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया जा चुका है।
स्नेह शिविर के आयोजन के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी ने आंगनबाडी केंद्र पहुंचकर उपस्थित कुपोषित बच्चों के माता पिता से चर्चा की। उन्होनें आंगनबाडी कार्यकर्ताओं से कुपोषित बच्चों की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिये। स्नेह शिविरों का आयोजन 28 मई से 9 जून तक किया जाना है। जिले में 55 आंगनबाडी केंद्र ऐसे हैं जहां 3 या 3 से अधिक अतिकम वजन के बच्चे हैं। इन केंद्रों पर शासन के निर्देशानुसार 12 दिवसीय स्नेह शिविरों का प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती विनीता मालवीय, आंगनबाडी कार्यकर्ता लता अहिरवार, गिरजा परसाई, दीपिका यादव, सीमा यादव एवं बडी संख्या में ग्राम के कुपोषित बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।