होशंगाबाद : शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था होशंगाबाद में जिला स्तरीय कौशल एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर प्रियंका दास ने मेले में उपस्थित युवाओं का संबोधित करते हुए कहा कि इस मेले में अलग अलग स्थानों से तथा अलग अलग विधाओं की कंपनियां आई है जो विभिन्न योग्यताओं वाले युवाओं का चयन अपने यहां रिक्त पदों के लिये करेगी। उन्होनें युवाओं से कहा कि वे सभी कंपनियों के स्टॉल में जाकर वहां उपलब्ध नौकरियों के बारे में जानकारी प्राप्त करें। इसके बाद अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार नौकरी के लिये आवेदन करें। उन्होनें कहा कि यह रोजगार मेला एक ही स्थान पर इतनी सारी कंपनियों को लाकर युवाओं को नौकरी प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। इसकी सार्थकता तभी होगी जब कोई भी युवा यहां से खाली हाथ न जाए। सभी बेरोजगार युवा इस मेले का लाभ प्राप्त करें।
इस अवसर पर जेबीएम ऑटो लिमिटेड, व्हीई कमर्शियल कंपनी, इनफिनिटी कार्स, बायोकेयर इंडिया, नवभारत फर्टिलाइजर्स, यूरेका फोब्र्स, पीएनबी मेटलाईफ आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी कंपनियों के बारे में जानकारी दी एवं उनमें उपलब्ध रोजगार के लिये अपेक्षित योग्यताओं के बारे में बताया। रोजगार मेले में विभिन्न प्रायवेट कंपनियों के अलावा उद्योग विभाग, भारतीय जीवन बीमा निगम, हथकरघा विभाग, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग आदि द्वारा अपने स्टॉल लगाकर युवाओं को विभिन्न रोजगार योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। आईटी आई के प्राचार्य श्री सुनील कुमार बडिये ने बताया कि मेले में बडी संख्या में रुचि दिखाते हुए पूर्व में ही 5200 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था एवं मेले के दौरान भी 6515 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया।
मेले के दौरान लगभग 35 कंपनियों द्वारा लगभग 4000 युवाओं को रोजगार के लिये शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें से पात्र युवाओं का अंतिम रूप से चयन संबंधित संस्थान एवं नियोजकों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपक राय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा बडी संख्या में युवा उपस्थित रहे।