होशंगाबाद : सामाजिक न्याय विभाग एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वाधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जनजागरुकता रैली निकाली गई। यह रैली सेठानी घाट से प्रारंभ होकर हलवाई चौक एवं इंदिरा चौक होते हुए सतरस्ते पर समाप्त हुई। रैली के समापन अवसर पर रैली में भाग ले रहे बच्चों को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि सिगरेट पीना या अन्य किसी भी प्रकार का नशा करना कूल नहीं है।
उन्होंने कहा कि टीवी या फिल्मों में देखकर हमें इस प्रकार की गलत चीजें नहीं सीखनी चाहिए। धूम्रपान से केवल धूम्रपान करने वाले को ही नहीं बल्कि उसके आसपास के लोंगों को भी नुकसान होता है। कलेक्टर ने कहा कि बच्चे अपने घर में बड़ों को नशा करने से रोक सकते हैं। वर्तमान समय में बडी संख्या में लोग नशे के आदी हैं। यदि बच्चे अपने बडों को नशा करने से रोकेंगें तो निश्चित ही उनकी बात मानी जाएगी। उन्होनें बच्चों से कहा कि वे अपने आसपास के लोगों को नशा छोड़ने के लिये प्रेरित करें तथा स्वयं भी ऐसी बुरी आदतों से दूर रहें। कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को तंबाकू निषेध के लिये कार्य करने तथा सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। साथ ही उपस्थित लोगों एवं बच्चों द्वारा नशा विरोधी नारे लगाकर तथा मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
समापन अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार के व्यसनों से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया तथा इन व्यसनों से दूर रहने की समझाइश दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, बच्चे, गायत्री परिवार के सदस्य तथा आमजन उपस्थित रहे।