सिवनीमालवा  :  कलेक्टर प्रियंका दास ने सिवनी मालवा की बानापुरा कृषि उपज मंडी पहुंचकर चना उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होनें मंडी में पंजीकृत किसानों की जानकारी ली तथा मंडी में उपार्जन कर रही पिपल्याकलां एवं नंदरवाड़ा समितियों के प्रबंधकों को निर्देशित किया कि जिन किसानों को एसएमएस भेजे जाने पर भी वे फसल विक्रय के लिये मंडी नहीं पहुंचे हैं उनकी सूची एसडीएम को उपलब्ध कराएं। उन्होनें मौके पर उपस्थित एसडीएम धीरेन्द्र सिंह को निर्देशित किया कि वे इन किसानों से संपर्क करें एवं यदि वे अपनी फसल मंडी में बेचने के इच्छुक हैं तो उन्हें सूचित करें कि वे आकर मंडी में अपनी फसल बेंच सकते हैं। उन्होंनें कहा कि 9 जून तक मंडी में उपार्जन के लिये सभी व्यवस्थाएं रहनी चाहिए। शिवपुर उपमंडी में शेड की व्यवस्था नहीं है तो वहां वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की जाए।

              कलेक्टर ने मंडी में उपस्थित किसानों से उपार्जन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ग्राम रेहड़ा से आए किसान कैलाश ने बताया कि वे प्रात: 10 बजे मंडी पहुंचे तथा जांच के बाद उनकी ट्राली पास हो गई है। मंडी में उपस्थित किसानों ने बताया कि मंडी में पेयजल एवं भोजन की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। कलेक्टर ने किसानों को प्रदाय किये जाने वाले अनुबंध पत्र एवं तौल पर्ची की जांच की। उन्होंनें समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि जिन किसानों का भुगतान शेष है उनका शीघ्र भुगतान किया जाए। समिति को भुगतान की राशि प्राप्त होने पर किसी भी किसान का भुगतान लंबित न रखें। मौके पर उपस्थित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रबंधक ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम से राशि प्राप्त न होने के कारण लगभग 3 करोड रुपये का भुगतान नहीं हों पाया है।

             कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही लंबित राशि प्रदाय कर दी जाएगी। मौके पर उपस्थित मंडी अध्यक्ष रामेश्वर पटेल ने बताया कि मंडी के एक भाग पर एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर अपने जानवर बांधे जा रहे हैं। कलेक्टर ने एसडीएम को उक्त व्यक्ति को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने मंडी कार्यालय का निरीक्षण किया एवं मंडी में लगाए गए सीसीटीवी कैमरा को शेड के पास लगाने के निर्देश दिये ताकि उपार्जन की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।