होशंगाबाद : सामुदायिक आपदा प्रबंधन अभियान के अंतर्गत म.प्र. होमगार्ड द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का शुुभारंभ कलेक्ट्रेट के रेवा सभा कक्ष में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंका दास ने कार्यशाला में उपस्थित एनसीसी के छात्र-छात्राओं का संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय सहीं एवं त्वरित रिस्पाँस सबसे जरूरी होता है।
अगर बचाव के लिये आपदा के तुरंत बाद सहीं रिस्पाँस दिया जाए तो आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। इस कार्यशाला में विभिन्न आपदाओं के समय काम आने वाली सर्वाइवल स्किल्स सिखाई जाएंगी जो हमेशा काम आएगी। उन्होनें कहा कि युवाओं की उपस्थिति से ही ऊर्जा का संचार होता है। उन्होनें एनसीसी के छात्र-छात्राओं से कहा कि कार्यशाला में सिखाई गई चीजें अपने आसपास के लोगों को भी सिखाएं। उन्होनें कहा कि इस प्रशिक्षण के पश्चात किसी भी आपदा के दौरान आप प्रशासन की सहायता कर पाएंगें तथा अपनी एवं अपने आसपास के लोगों की सुरक्षा कर पाएंगे।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अधिक वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति से निपटने के लिये कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होनें कहा कि सभी नगरीय क्षेत्रों में एसडीएम, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड, टीआई, तहसीलदार तथा सीएमओ की टीम द्वारा जल भराव की संभावना वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर इससे बचने के लिये योजना बनाई जाएगी।
कार्यशाला में डिवीजनल कमांडेंट होमगार्ड श्रीमती ऊषा दामोर ने कहा कि दो दिवसीय कार्यशाला में एनसीसी के छात्र-छात्राओं को बाढ़, आगजनी, भूकंप आदि आपदाओं से निपटने के तरीके सिखाए जाएंगें। ये छात्र छात्राएं आपदा के समय फस्र्ट रिस्पोन्डेंट के रूप में कार्य करेंगें। इन्हें अपने आसपास उपलब्ध चीजों से बचाव के उपकरण बनाना भी सिखाया जाएगा। आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने के लिये एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम आएगी। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा ने कहा कि आपदा के बाद बहुत सी चीजें होती हैं जिन्हें नियंत्रित करना आवश्यक होता है। विशेषत: इस स्थिति में बीमारियों को फैलने से रोकना बहुत जरूरी होता है।
उन्होनें एनसीसी के छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि आप इस प्रशिक्षण में सिखाई गई चीजें आत्मसात करेंगें तो किसी भी आपदा की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा कर पाएंगें। कार्यशाला में संयुक्त कलेक्टर वृंदावन सिंह, सीएमओ अमरसत्य गुप्ता, होमगार्ड के अधिकारीगण एवं एनसीसी के प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।