होशंगाबाद : प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना से संबंधित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ली। उन्होनें प्रदेश के सभी संभाग के कमिश्नर एवं कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करें। इस योजना की जानकारी सभी पात्र श्रमिकों तक पहुंचाई जाए। दीवार लेखन कर ग्राम पंचायतों में इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक स्थायी होर्डिंग लगाकर इस योजना का प्रचार प्रसार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन कल्याण योजना को आम जनता तक पहुंचाने के लिये छोटी छोटी फिल्मों का निर्माण कर हर ग्राम पंचायत में जाकर प्रोजेक्टर के माध्यम से ग्रामीणों को दिखलाया जाएगा। इसके लिये नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी 13 जून को सभी जिलों में मुख्यमंत्री जन कल्याण योजनांतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रात: एवं सायं नगर पालिका द्वारा वार्डों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को जमीन के पट्टे वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को चैक का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा शेष बचे तेंदुपत्ता श्रमिकों को चरण पादुका, साड़ी, पानी की कुप्पी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन अपने जिले में कराना सुनिश्चित करें और योजना के लांचिंग अवसर पर प्रेस मीडिया को आवश्यक रूप से आमंत्रित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों के लिये बिजली बिल की सीमा निर्धारित की गई है। यदि श्रमिक का बिजली बिल एक हजार रुपये आता है तो उसे पूरा बिल भरना होगा और यदि एक हजार रुपये से कम आता है तो उसे मात्र दो सौ रुपये बिजली बिल देना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को स्मार्ट कार्ड प्रदान किए जाएंगे। उन्होनें बताया कि 13जून को आयोजित कार्यक्रम में दुर्घटना में हुई श्रमिक की मृत्यु पर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही आयोजित कार्यक्रम में प्रसव सहायता एवं अत्येष्टि सहायता के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी बीपीएल पात्रताधारी के कार्ड रद्द नहीं होगें। पात्र व्यक्ति को बीपीएल एवं मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना का एक साथ लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ जिले अन्य राज्यों से जुडे हुए हैं उन राज्यों में यदि मेडिकल सुविधा बेहतर है तो श्रमिक को उस राज्य में इलाज कराने में भरपूर सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी की समीक्षा की, और निर्देश दिए कि मंडी प्रांगण में किसानों को शीतल पेयजल, छाया व बैठने का स्थान अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चने की खरीदी 9 जून तक निर्धारित की गई है। यदि आवश्यकता पडेगी तो इस तिथि को और भी आगे बढाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स को हिदायत दी कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसानों की आड़ में कोई भी व्यापारी अपना माल न बेंच पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ जिलों से शिकायत प्राप्त हुई हैं कि किसान के नाम पर कतिपय लोग अपनी उपज बेंच रहे हैं। यदि ऐसा कोई प्रकरण सामने आता है तो कलेक्टर तत्काल संबंधित के विरुद्ध एफआईआर की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने कहा कि हम किसानों का लहसुन 800 रुपये प्रति Ïक्वटल एवं प्याज 400 रुपये प्रति Ïक्वटल की दर से खरीदेंगे और राशि सीधे किसानों के खाते में डालेंगे।
आयुक्त श्रम संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश में एक करोड 80लाख असंगठित श्रमिक थे, जिनमें से एक करोड 70 लाख श्रमिकों का पंजीयन कर लिया गया है। उन्होनें मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ की विस्तृत रूप से जानकारी दी।
होशंगाबाद के एनआईसी कक्ष में नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव, कलेक्टर प्रियंका दास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त नगर पालिका अधिकारी, जिला संयोजक जन अभियान परिषद श्री कौशलेष तिवारी सहित संबंधित अधिकारीगणों ने मौजूद रहकर मुख्यमंत्री के निर्देशों को प्राप्त किया।