सिवनीमालवा   :  प्रदेश के आयुष कुटीर एवं ग्रामोद्योग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री एवं होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री जालम सिंह पटेल ने सोमवार को सिवनी मालवा के ग्राम शिवपुर में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन का भूमिपूजन किया। भवन 1 करोड रुपये की राशि से निर्मित किया जाएगा। इस भवन के लिये गांव के प्रतिष्ठित व्यक्ति देवेन्द्र सिंह मंडलोई ने ढाई एकड भूमि दान की है। प्रभारी मंत्री जालम सिंह पटेल ने शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिये शुभकामनाएं एवं इन प्रतिभाशाली बच्चों के शिक्षकों को प्रणाम जिन्होंने इन बच्चों को श्रेष्ठ शिक्षा दी जिसकी बदौलत आज बच्चों ने अपने गांव के साथ साथ जिले का नाम भी रोशन किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि म.प्र. में विगत 15 वर्षों से हमारी सरकार है। वर्ष 2003 से प्रदेश में हर निर्माण कार्य की गति में तेजी आई है।

             उन्होनें भूमि दानदाता देवेन्द्र सिंह मंडलोई का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण के लिये जमीन दान दी। प्रभारी मंत्री पटेल ने कहा कि दानदाता चाहे तो स्कूल बनने के बाद स्कूल का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि दानदाता की इच्छानुसार विद्यालय का नामकरण किया जाएगा। इसके लिये उन्होंने जिला योजना समिति में प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बहुत परिवर्तन हुए हैं आज बेटियां आगे आकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। म.प्र. शासन ने निर्णय लिया है कि जो विद्यार्थी कक्षा 12वी में 70 प्रतिशत अंक लाएगा उसकी फीस सरकार भरेगी। वहीं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को पंजीयन के पश्चात अनेक सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। श्रमिकों के बच्चों की कक्षा 1 से लेकर पीएचडी करने तक में लगने वाली फीस शासन भरेगा।

            प्रभारी मंत्री जालम सिंह पटेल ने शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कक्षा 12वी में गणित संकाय में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली कुमारी तनु यादव, अभिषेक बकोरिया, निधी, मोतिसमां, अमित साहू, कृति, सौरभ को सम्मानित किया। वहीं कला संकाय में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी कुमारी विभा, सुनंदा लौवंशी, राखी, वैशाली, नजमा, नारायण, शिबा, कविता, मीनू को तथा वाणिज्य संकाय में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी कुमारी सोनिका, नितिका, साक्षी, अखिलेश, जयंती, योगेन्द्र आदि विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा प्रायवेट स्कूल कांवेंट ज्ञानदीप स्कूल के विद्यार्थी तनिष्क, अजय एवं बंसती को सम्मानित किया। प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर अपने विषय में शतप्रतिशत विद्यार्थियों को उत्र्तीण कराने वाले शिक्षक स्वाति यादव, आरके मेहरा, डीके धनवारे, आरके लोवंशी, श्रीमती ज्योति यादव, आरके मेहरा, श्रीमती कामले एवं प्राचार्य एसएस रघुवंशी को सम्मानित किया।

          सिवनीमालवा विधायक सरताज सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में देवेन्द्र सिंह मंडलोई जैसे व्यक्ति मौजूद हैं जिनकी बदौलत हमें ढाई एकड़ जमीन दान में मिली। इस जमीन पर विद्यालय बनने के बाद सैकड़ो बच्चे शिक्षा ग्रहण करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य यह दो क्षेत्र ऐसे हैं जिससे जनता सीधे जुड़ी हुई है। ये दोनो ही क्षेत्र में पुण्य कमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का महत्व सबसे ज्यादा है। हमें 80 प्रतिशत विदेशी मुद्रा उन लोगो से प्राप्त होती हैं जो शिक्षा के बल पर विदेश में बसे हैं। उन्होंने कहा कि एक आदर्श शिक्षक को विद्यार्थी कभी नहीं भूलता है। शिक्षक जो कहता है विद्यार्थी वही मानता है। आवश्यकता है कि शिक्षक को भी आदर्श पर खरे उतरना चाहिए। शिक्षा से योग्य नागरिक एवं सफल व्यक्तित्व का निर्माण होता है। विधायक श्री सरताज सिंह ने ग्रामीणो की मांग पर मंगल भवन निर्माण की सहमति व्यक्त की और कहा कि यदि गांव में जमीन मिल जाए तो शीघ्र ही मंगल भवन बना दिया जाएगा। उन्होने बंद पड़ी नल-जल योजना को चालू करने, बिजली की व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए और कहा कि महाविद्यालय एवं कन्या शाला शिवपुर की आवश्यकता है। यह दोनो मुद्दे हम प्रभारी मंत्री से बात कर हल करेंगे। उन्होंने नवनिर्मित सड़क पर नाली निर्माण के लिए स्टेटमेंट बनाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। श्री सरताज सिंह ने कन्या छात्रावास भवन की मरम्मत करने तथा कन्या शाला एवं मिडिल स्कूल के सामने पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शाला के उन्नयन का प्रस्ताव शासन को भिजवाया जाएगा। श्री सिंह ने बाईपास रोड का सर्वे करने के भी निर्देश दिए।

        इसके पूर्व माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवन कर भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर प्रभारी मंत्री, विधायक श्री सरताज सिंह एवं दानदाता श्री देवेन्द्र सिंह मंडलोई का ग्रामीणो ने शॉल एवं श्रीफल से स्वागत किया।

      इस अवसर पर शंभू सिंह भाटी, देवीदयाल यादव, सरपंच रामविलास मौर्य, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल वैद्य, सांसद प्रतिनिधि अरविंद सौरभ, मंडी अध्यक्ष रामेश्वर पटेल, प्राचार्य एसएस रघुवंशी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।