होशंगाबाद :  कलेक्ट्रेट के रेवा सभा कक्ष में जिले की नवागत कलेक्टर प्रियंका दास ने अपनी प्रथम समय सीमा बैठक में जिले के सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों से केवल अच्छे कार्य की अपेक्षा है। हम सभी टीम वर्क और आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। सभी अधिकारी अपने अपने विभागों को हर काम में आगे रखें ताकि होशंगाबाद जिला पूरे प्रदेश में अग्रणी रहे। कई क्षेत्रों में होशंगाबाद प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। हमें इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए होशंगाबाद को हर क्षेत्र में नंबर 1 बनाना है। उन्होनें कहा कि प्रत्येक माह में दो बार सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को वीडियों कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समय सीमा बैठक में जोड़ा जाएगा ताकि लंबित विषयों पर चर्चा की जा सके। उन्होंने कहा कि आम जनता के शिकायती आवेदन जिनको टीएल में मार्क किया जाता है उनके ऊपर की गई कार्यवाही का फीडबैक आवेदनकर्ता को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

               बैठक में कलेक्टर ने गेहूँ एवं चना उपार्जन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों का लंबित भुगतान शीघ्र कराया जाना सुनिश्चित करें। किए गए भुगतान की जानकारी किसानों को दी जाए एवं सहकारी बैंकों में कैश की व्यवस्था सुचारू रूप से की जाए ताकि किसान अपने पैसे खाते से निकाल सकें। उन्होंने उपसंचालक कृषि एवं मंडी सचिव को निर्देशित किया कि भावांतर योजना में जिन किसानों का भुगतान किसी कारणवश लंबित है उनकी समस्या सुलझाकर भुगतान कराएं। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 10 जून को किसानों के खातों में प्रोत्साहन राशि डाली जानी है। इसके लिये सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में असंगठित मजदूरों के पंजीयन एवं सत्यापन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी जनपद पंचायतें एवं नगरीय निकाय  पंजीकृत मजदूरों का शतप्रतिशत सत्यापन कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई पात्र व्यक्ति अभी भी अपंजीकृत है तो उसका पंजीयन करें। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए।

             बैठक में बताया गया कि 31 मई को आईटीआई होशंगाबाद में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को मेले के लिये आवश्यक तैयारियां करने एवं इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु में बाढ़ से निपटने के लिये सभी अधिकारी अपने अपने विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य योजना तैयार कर लें। बैठक में कलेक्टर द्वारा एसडीएम मनोज उपाध्याय, तहसीलदार इटारसी श्रीमती रितु भार्गव एवं सीईओ जनपद बनखेड़ी श्रीमती श्रुति चौधरी को सीएम हेल्पलाईन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

          बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर आदित्य रिछारिया एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।