होशंगाबाद : म.प्र माटीकला बोर्ड भोपाल द्वारा वर्ष 2017-18 के लिये प्रदेश के माटी शिल्पियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिये जिले के माटी शिल्पियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सहायक ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी श्री अरुण कुमार पाराशर ने बताया कि जिले के उत्कृष्ट माटी शिल्पी 20 जून तक अपने आवेदन एवं कलाकृति जिला स्तर पर जमा कर सकते हैं।
निर्धारित तिथि तक प्राप्त कलाकृतियों एवं आवेदनों में से जिला स्तरीय चयन समिति के अनुमोदन के बाद तीन उत्कृष्ट माटी शिल्पियों के आवेदन एवं कलाकृतियां माटी कला बोर्ड भोपाल भेजे जाएंगे। प्रदेश स्तर पर सभी जिलों से प्राप्त उत्कृष्ट माटी शिल्पियों में से एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, 50 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार एवं 25 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिये जिला पंचायत होशंगाबाद के कक्ष क्रमांक 20 में माटी कला बोर्ड के अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।