भोपाल :  आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने शनिवार से किसानों की कर्ज माफी और फसलों के उचित दाम समेत बिजली एवं रोजगार के मसले पर यादगार-ए-शाहजहानी पार्क में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं, तब तक यह अनशन जारी रहेगा और हमारा संकल्प मजबूत है। इसमें चाहे जान भी चले जाए, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे और खुशी-खुशी जान देने को तैयार हैं। इस अनिश्चितकालीन अनशन में श्री अग्रवाल के साथ अशोक सहाय धुर्वे, आफत सिंह यादव और धनीराम भाई भी बैठे हैं।

           उन्होंने कहा कि इन मांगों के साथ हम अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं और अब आम आदमी पार्टी के हर सिपाही को यह बात प्रदेश के हर कोने तक पहुंचानी है कि हम सब एक बदलाव की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह आजादी की दूसरी लड़ाई है। इसमें हमारा जीवन भी चला जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है। हमारा संकल्प पक्का है कि हमारी मांगें जब तक पूरी नहीं होती है, तब तक अन्न ग्रहण नहीं करेंगे। हम इन मुद्दों के लिए खुशी-खुशी जीवन देने के लिए तैयार हैं। हमें नहीं पता यह कितने में होगा, लेकिन जब तक यह नहीं होगा, तब तक हम अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।

मुख्यमंत्री की हर घोषणा से और बर्बाद हुआ किसान-

           अग्रवाल ने कहा कि आमतौर पर लोग मान रहे हैं कि यह चुनावी अनशन है, लेकिन वे भूल रहे हैं कि चुनाव में अभी छह महीने बाकी हैं और प्रदेश में पांच किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं। अभी जब हम यहां अनशन पर बैठे हैं इसके पहले ही बैतूल और बुरहानपुर से किसान आत्महत्या की खबरें आई और अभी हाल ही में रीवा की मंडी में भी एक किसान की मृत्यु हो गई है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री बहुत तरह की घोषणाएं करते हैं, लेकिन उनकी हर घोषणा के बाद किसान और ज्यादा बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की भावांतर योजना में दाम इतने गिरे कि किसान बुरी तरह परेशान हो गया। अधिकांश को तो योजना मिली ही नहीं, जिसको मिली वह किसान भी घाटे में ही रहा। इससे साफ है कि यह सरकारें किसानों के लिए कुछ भी करने में नाकाम रही हैं।

कोई वादा पूरा नहीं किया है भाजपा सरकार ने -

          आज चार साल बाद इन वादों की हकीकत सबके सामने है। 15 लाख रुपए तो क्या 15 रुपए भी किसी के खाते में नहीं आए। हालांकि देश का जो सफेद पैसा था उसमें से 9 हजार करोड़ रुपए लेकर माल्या भाग गया, फिर 11 हजार करोड़ लेकर नीरव मोदी भागा, ललित मोदी पहले ही लंदन में था। इसके बाद पिछले दिनों मोदी जी भी लंदन गए। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वे वहां हिसाब किताब करने गए थे? श्री अग्रवाल ने कहा हमारी खून पसीने की कमाई को, देश के किसानों, युवाओं, कर्मचारियों के धन को नोटबंदी कर के लूटा गया और विदेश पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार कम करने की बात कही थी, लेकिन अब हवाई जहाज में बैठाकर देश का पैसा लूटने वालों को लंदन भेजते जा रहे हैं।

रोजगार मिले नहीं, बढ़ रही है महंगाई -

            उन्होंने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि 2 करोड़ रोजगार हर साल दिए जाएंगे, लेकिन रोजगार तो नहीं मिले, उलटे अन्य लोग बेरोजगार हो गए हैं। महंगाई कम करने का वादा किया गया था, लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर हर तरह की जरूरी चीजों के दाम बढ़ा कर महंगाई को बेकाबू कर दिया है। महिला बलात्कार रोकने के वादे के साथ आई इस सरकार के उत्तर प्रदेश के विधायक खुद बलात्कार करते हैं और कश्मीर में भाजपा के लोग बतात्कारी के पक्ष में रैली करते हैं। इससे साफ है कि यह भाजपा खुद ही बलात्कारी पार्टी बन गई है।

किसानों के साथ किया विश्वासघात, झूठे निकले सब वादे-

            उन्होंने कहा कि जहां तक किसानों की बात है तो मोदी जी ने हर भाषण में कहा था स्वामीनाथन रिपोर्ट के मुताबिक किसान की फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम दिया जाएगा। लेकिन सरकार बनने के बाद सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा तो इस सरकार ने एफिडेविट देकर कहा कि हम स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं कर सकते और किसानों को डेढ़ गुना दाम नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि ऐसी झूठी और भ्रष्ट सरकारों के खिलाफ अब हम सबको तैयार होना पड़ेगा। किसानों की बात तो कांग्रेस भी करती है और हम भी करते हैं, लेकिन इसमें फर्क है। 

किसान, बिजली और रोजगार के मुद्दे पर अनशन -

          उन्होंने कहा कि इसलिए आज मैं और मेरे तीन साथी यह प्रण लेकर बैठे हैं कि जब तक सरकार कर्ज माफ नहीं करेगी, जब तक स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट की तरह फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम नहीं मिल जाता है, तब तक अनशन जारी रहेगा।

          उन्होंने कहा कि इसके अलावा दो मुददे और हैं। इनमें एक मुद्दा बिजली का है। यह एक बड़ा मुद्दा है। मध्य प्रदेश में बिजली अतिरिक्त है इसके बावजूद प्रदेशवासियों को महंगी बिजली दी जा रही है। इतना ही नहीं आज भी 26 लाख घरों में बिजली नहीं है। अनापशनाप बिजली बिल भेजे जाते हैं। हमारी मांग है कि बिजली के बिल माफ किए जाएं और तत्काल बिजली के दाम आधे किए जाएं। इसी क्रम में एक मांग यह भी है कि किसानों को 24 घंटे बिजली दी जाए। फिलहाल जो बिजली दी जाती है वह रात में दी जाती है, उस वक्त किसानों को खेत में सांप-बिच्छू का खतरा रहता है। किसानों को 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए।

कई कांग्रेस-भाजपा नेताओं ने ली आप की सदस्यता-

              अनशन के दौरान टीकमगढ़ के पूर्व जनपद सदस्य और कांग्रेस नेता बाबूलाल अहिरवार ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की शीला बाई ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। बिजावर विधानसभा के किसान नेता भगवत प्रसाद दुबे भाजपा छोड़कर और भगत राम तिवारी कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए। सीहोर के राम करंजिया किसान मोर्चा छोड़कर आप में शामिल हुए। भाजपा के युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शमशाबाद से अंकित कुशवाह अपने कई समर्थकों के साथ आप में शामिल में हुए। जूडो प्रशिक्षण हर साल 1000 युवतियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देनी वाली अलका गौड़, भाजपा की गीता मसीह, सुरेंद्र अहिरवार, राकेश वर्मन, चंचल मिश्रा, भाजपा युवा मोर्चा के दीपक राय आप में शामिल हुए। बोहरीबांध के राहुल पटेल एनएसयूआई छोड़कर आप में शामिल हुए। बोहरीबांध के ही लखन पटेल भाजपा युवा मोर्चा कटनी को छोड़कर आप में शामिल हुए। हेमराज चिड़ार भाजपा युवा मोर्चा से, अनिता प्रजापति भाजपा युवा मोर्चा शमशाबाद से, विदिशा के अभिषेक खत्री बेरोजगारी के मुद्दे पर, कंटनी के मांगीलाल जी समेत कई अन्य लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली।

नर्मदा स्नान के बाद शहीद भगत सिंह, बापू और अंबेडकर को याद कर शुरू किया अनशन-
              इससे पहले सुबह श्री अग्रवाल ने होशंगाबाद के सेठानी घाट पर नर्मदा स्नान किया। वहां से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल की ओर रवाना हुए। भोपाल में 11 मील पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से कई गाडिय़ों का काफिला 10 नंबर स्टॉप पर पहुंचा और यहां भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद श्री अग्रवाल ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डॉ अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर गांधी भवन पहुंचकर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से वे समर्थकों के साथ लिली टॉकीज चौराहे पर नीलम पार्क पहुंचे। नीलम पार्क में प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आए किसान, युवा एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। नीलम पार्क से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की अगुवाई करते हुए श्री अग्रवाल पदयात्रा करते हुए शाहजहानी पार्क पहुंचे। शाहजहानी पार्क में गांधी जी, डॉ अंबेडकर और भगत सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया गया।

मीडिया सेल

आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश