होशंगाबाद : आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक अलोक अग्रवाल ने आज होशंगाबाद में नर्मदा स्नान किया और उसके बाद संक्दों कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल की ओर कूच किया है l गौतलब है कि आलोक अग्रवाल प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आज से भोपाल में अनशन पर बैठ रहे हैं l
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता किसानों की कर्ज माफी, महंगी बिजली और रोजगार की समस्या के मसले पर 26 मई से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रहे हैं। अनशन को लेकर अग्रवाल ने कहा कि वे अन्न त्याग कर किसानों को पूरी कर्ज माफी, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के मुताबिक फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम, दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की तरह 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा, बिजली के दाम आधे करने और सभी बकाया बिजली बिल माफ करने के साथ अनिवार्य रोजगार और जब तक रोजगार नहीं मिलता तब तक बेरोजगारी भत्ता जैसी मांगों को सामने रखेंगे। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों पर यह सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई है। जब तक ये मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, वे अनशन पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि अनशन में पूरे प्रदेश से हजारों की तादाद में युवा और किसान शरीक होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं ने भी अनशन को समर्थन दिया है।