भोपाल :  आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता किसानों की कर्ज माफी, महंगी बिजली और रोजगार की समस्या के मसले पर 26 मई से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रहे हैं। अनशन को लेकर अग्रवाल ने कहा कि वे अन्न त्याग कर किसानों को पूरी कर्ज माफी, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के मुताबिक फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम, दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की तरह 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा, बिजली के दाम आधे करने और सभी बकाया बिजली बिल माफ करने के साथ अनिवार्य रोजगार और जब तक रोजगार नहीं मिलता तब तक बेरोजगारी भत्ता जैसी मांगों को सामने रखेंगे। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों पर यह सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई है। जब तक ये मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, वे अनशन पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि अनशन में पूरे प्रदेश से हजारों की तादाद में युवा और किसान शरीक होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं ने भी अनशन को समर्थन दिया है।

दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा -

आम आदमी पार्टी के अनशन में केंद्रीय नेतृत्व के अलावा विभिन्न किसान एवं सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल होंगे। हाल ही में आलोक अग्रवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। उन्होंने अनशन को समर्थन देते हुए भोपाल आने की बात कही है। इसके अलावा सिने अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा व पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा भी किसानों की मांगों के समर्थन और महंगी बिजली के विरोध में अनशन में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न प्रदेशों के आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, वकील, पत्रकार, शिक्षक, पत्रकार और दिल्ली सरकार के कई मंत्री व आम आदमी पार्टी के सांसद भी अनशन में शामिल होंगे।

अनिश्चितकालीन अनशन की प्रमुख मांगें -

1- किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाए।
2- स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों की फसल का न्यूनतम दाम उसकी लागत का डेढ़ गुना रखा जाए एवं किसानों को अन्य सुविधाएं दी जाएं। सूखा, ओला, पाला या किसी कारण से फसल नुकसान होने पर दिल्ली सरकार की तरह 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दिया जाए।
3- बिजली के दाम सभी घरेलू, किसानी, व्यवसायी, औद्योगिक क्षेत्रों के लिए घटाकर आधे किए जाएं एवं बकाया बिजली बिलों को माफ किया जाए।
4- लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए अनिवार्य रोजगार की व्यवस्था की जाए और रोजगार दिए जाने तक जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाए।

26 मई के अनशन का कार्यक्रम -

 सुबह 7.30 बजे: होशंगाबाद में नर्मदा स्नान
सुबह 8.30 बजे: पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होशंगाबाद से रवाना
सुबह 10.00 बजे: 11 मील, भोपाल में कार्यकर्ता स्वागत करेंगे
सुबह 10.45 बजे: 10 नंबर स्टॉप पर भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
सुबह 11.00 बजे: बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डॉ अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
सुबह 11.15 बजे: गांधी भवन में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
सुबह 11.30 बजे: लिली टॉकीज चौराहे से पदयात्रा
दोपहर 12.00 बजे: अनिश्चितकालीन अनशन प्रारंभ

मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश